Home Uttar Pradesh संभल में पत्नी ने दो बॉयफ्रेंड संग मिलकर पति की नृशंस हत्या,...

संभल में पत्नी ने दो बॉयफ्रेंड संग मिलकर पति की नृशंस हत्या, शव के टुकड़े कर नाले व गंगा में फेंके

0

संभल में पत्नी ने दो बॉयफ्रेंड संग मिलकर पति की नृशंस हत्या, शव के टुकड़े कर नाले व गंगा में फेंके

रिपोर्ट/राजेश सिंह 

संभल (उत्तर प्रदेश )।के संभल जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। मेरठ के चर्चित सौरभ हत्याकांड से मिलती-जुलती इस घटना में अवैध संबंधों और बेरहमी की सारी हदें पार कर दी गईं। यहां एक पत्नी ने अपने दो बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर कारोबारी पति की निर्मम हत्या कर दी और शव के टुकड़े-टुकड़े कर सबूत मिटाने की कोशिश की।

लोहे की रॉड और हथौड़े से की गई हत्या

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले सोते हुए राहुल के सिर पर लोहे की रॉड और जूते में कील ठोकने वाले हथौड़े से ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोटों के चलते मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद वारदात को और भयावह रूप देते हुए ग्राइंडर मशीन से शव के कई टुकड़े कर दिए गए। हत्या के बाद शव के धड़ और कटे हाथ को घर से करीब 800 मीटर दूर नाले में फेंक दिया गया, जबकि सिर को रामघाट पर गंगा नदी में बहा दिया गया। पहचान छिपाने के लिए कपड़ों को भी जला दिया गया।

फर्जी गुमशुदगी से पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

हत्या के बाद खुद को बचाने के लिए पत्नी रूबी ने छह दिन बाद पति के लापता होने की झूठी शिकायत दर्ज कराई। करीब 27 दिन बाद पुलिस को नाले के किनारे पॉलिथीन में लिपटा सड़ा-गला आधा शव मिला, जिसे कुत्ते नोच रहे थे। हालत इतनी खराब थी कि तत्काल पहचान नहीं हो सकी। पांच दिन बाद पोस्टमॉर्टम के दौरान कटे हाथ पर ‘राहुल’ नाम का टैटू मिलने से मृतक की पहचान थाना रजपुरा क्षेत्र के कस्बा गंवा निवासी 40 वर्षीय राहुल के रूप में हुई।

घर की तलाशी में मिले खून के सबूत

जांच के दौरान पत्नी की भूमिका संदिग्ध लगने पर पुलिस ने घर की तलाशी ली। वहां तख्त, लोहे की रॉड और बिजली के हीटर पर खून के सूखे धब्बे मिले। फोरेंसिक टीम ने सभी सामान कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया। पड़ोसियों से महिला के अवैध संबंधों की जानकारी भी सामने आई। मृतक की 10 वर्षीय बेटी ने बयान दिया कि घर पर अक्सर दो-तीन लोग आते थे और उसे चॉकलेट लाते थे, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिला।

पूछताछ में टूटी पत्नी, जुर्म कबूला

कड़ी पूछताछ में पत्नी रूबी टूट गई और उसने बॉयफ्रेंड गौरव के साथ अफेयर और हत्या की साजिश कबूल कर ली। उसने बताया कि 18 नवंबर की रात राहुल ने उसे गौरव के साथ रंगेहाथ पकड़ लिया था, जिसके बाद विवाद हुआ और तीनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। आरोपियों ने शव ठिकाने लगाने से पहले रास्तों की रेकी की और रात का समय चुना, ताकि किसी सीसीटीवी कैमरे में न आएं।

बेटी की मांग—सबको फांसी मिले

मृतक की बेटी ने पुलिस को बताया कि माता-पिता में अक्सर झगड़ा होता था और एक व्यक्ति कहता था कि कुछ महीनों में वही सब संभालेगा। बच्ची ने रोते हुए कहा कि उसकी मां और जिसने भी उसके पिता की हत्या की, सभी को फांसी मिलनी चाहिए।

पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version