सुल्तान बेग ने समिति के सभापति से की मुलाकात, 120 भोजीपुरा विधानसभा की समस्याओं से कराया अवगत
फिरोज खान
रिपोर्ट-हैदर अली
बरेली। 120 भोजीपुरा विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर पूर्व विधायक सुल्तान बेग ने बृहस्पतिवार को विधान परिषद की संसदीय अध्ययन समिति के सभापति किरणपाल कश्यप से मुलाकात की। मुलाकात सर्किट हाउस में हुई, जहां सुल्तान बेग के साथ व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों का एक प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहा।
बैठक के दौरान सुल्तान बेग ने क्षेत्र की सड़कों की बदहाल स्थिति, बिजली आपूर्ति की समस्या, पेयजल संकट और विकास कार्यों में हो रही लापरवाहियों की शिकायत समिति के सभापति से की। उन्होंने कहा कि भोजीपुरा विधानसभा में कई योजनाएं वर्षों से अधूरी पड़ी हैं, जिससे आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है। व्यापारियों ने भी स्थानीय बाजारों में सफाई व्यवस्था और अवैध वसूली की शिकायत रखी।
सभापति किरणपाल कश्यप ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और जिलाधिकारी बरेली को तत्काल जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर किया जाएगा और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान समिति के अन्य सदस्यों ने भी क्षेत्रीय विकास से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की। सुल्तान बेग ने उम्मीद जताई कि समिति के हस्तक्षेप से 120 भोजीपुरा विधानसभा की पुरानी लंबित समस्याओं का समाधान जल्द होगा।
मुलाकात के अंत में सुल्तान बेग ने समिति के सभापति का धन्यवाद किया और कहा कि यदि शासन और प्रशासन मिलकर काम करें तो क्षेत्र में विकास की रफ्तार तेज़ हो सकती है।


