सीएम योगी के बरेली दौरे पर ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव, भारी वाहनों की एंट्री बंद, पुराना रोडवेज रहेगा बंद

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

सीएम योगी के बरेली दौरे पर ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव, भारी वाहनों की एंट्री बंद, पुराना रोडवेज रहेगा बंद

रिपोर्ट सत्य प्रकाश 

बरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 30 जून को प्रस्तावित बरेली दौरे को लेकर जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक यातायात व्यवस्था लागू की है। वीवीआईपी मूवमेंट को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए सोमवार सुबह 8 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। साथ ही रोडवेज बसों के संचालन में भी अस्थायी बदलाव किया गया है।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार परसाखेड़ा रोड नंबर-1, बिलवा पुल, लालपुर कट, विलयधाम, नवदिया झादा, ट्रांसपोर्ट नगर, रामगंगा तिराहा और बुखारा मोड़ सहित कई प्रमुख प्रवेश बिंदुओं से किसी भी भारी वाहन को शहर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। इन स्थानों पर पुलिस बल की विशेष तैनाती रहेगी और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा।

दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत की ओर से आने वाले भारी वाहनों के लिए अलग-अलग डायवर्जन रूट निर्धारित किए गए हैं। बदायूं जाने वाले वाहनों को झुमका तिराहा, बड़ा बाईपास, विल्या, विलयधाम, नवदिया झादा, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, दातागंज और देवचरा मार्ग से निकाला जाएगा। वहीं लखनऊ जाने वाले वाहन बड़ा बाईपास, झुमका तिराहा, विल्या, विलयधाम, फरीदपुर और फतेहगंज पूर्वी होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। लखनऊ से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए भी फरीदपुर, इन्वर्टिस तिराहा और बड़ा बाईपास का रूट निर्धारित किया गया है।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के चलते 30 जून को पुराना रोडवेज बस अड्डा पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान सभी रोडवेज बसों का संचालन केवल सैटेलाइट बस स्टैंड से किया जाएगा। दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत की ओर से आने वाली तथा बदायूं और लखनऊ की ओर जाने वाली बसें बड़ा बाईपास और इन्वर्टिस तिराहा होते हुए सैटेलाइट बस स्टैंड पहुंचेंगी।

ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों का उपयोग न करें और यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। पुलिस का कहना है कि निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने से यातायात सुचारु रहेगा और लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई