मां नंदा-सुनंदा के डोले की परिक्रमा में उमड़ा आस्था का सैलाब, सुरक्षा व्यवस्था पर नैनीताल पुलिस की पैनी नजर
नैनीताल। मां नंदा-सुनंदा का पावन डोला परिक्रमा करते हुए अब समापन की ओर अग्रसर है। डोला परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नैनीताल में सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार फील्ड में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र और एसपी संचार रेवाधर मठपाल सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
क्षेत्राधिकारी नैनीताल श्रीमती अंजना नेगी, क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल सहित सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना-चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कर रहे हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को प्राथमिकता देते हुए भीड़भाड़ वाले एवं संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था को लगातार प्रभावी बनाए रखा गया है।
नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं से डोला परिक्रमा के दौरान धैर्य एवं अनुशासन बनाए रखने तथा पुलिस-प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। किसी भी परेशानी या आवश्यकता की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने को कहा गया है।



