चुनाखान बैलपडाव नैनीताल में टेनिस का महामुकाबला: एशियन और वर्ल्ड मास्टर टूर्नामेंट में देश-विदेश के खिलाड़ी दिखाएंगे दम

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

चूनाखान बैलपड़ाव में टेनिस का महामुकाबला: एशियन और वर्ल्ड मास्टर टूर्नामेंट में देश-विदेश के खिलाड़ी दिखाएंगे दम

चुनाखान स्थित ऑप्टिमम टेनिस अकादमी में 26 सितंबर से 8 अक्टूबर तक होंगे दो बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट

नैनीताल। चुनाखान, बैलपड़ाव स्थित ऑप्टिमम टेनिस अकादमी में 26 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक लगातार दो अंतरराष्ट्रीय स्तर के टेनिस टूर्नामेंट आयोजित किए जा रहे हैं। उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन के तत्वावधान में होने वाले इन आयोजनों में देश-विदेश के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।

पहले चरण में तृतीय बीएस रावत मेमोरियल ऑप्टिम जेम्स कॉर्बेट एशियन फेडरेशन टेनिस टूर्नामेंट का आयोजन 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक अंडर-14 बालक एवं बालिका वर्ग में होगा। टूर्नामेंट डायरेक्टर एवं उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डीएस रावत ने बताया कि एशियन रैंकिंग टूर्नामेंट में देश-विदेश के 14 वर्ष से कम आयु के 112 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। 26 और 27 सितंबर को क्वालीफाइंग मुकाबले होंगे, जबकि 28 सितंबर से मुख्य दौर के मैच खेले जाएंगे।

इसके बाद 2 से 8 अक्टूबर तक तृतीय बीएस रावत मेमोरियल ऑप्टिम जेम्स कॉर्बेट कप 2026 वर्ल्ड रैंकिंग टेनिस टूर्नामेंट आयोजित होगा। इसमें 30 से 75 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। टूर्नामेंट डायरेक्टर अवनीश रस्तोगी के अनुसार अब तक 120 प्रविष्टियां प्राप्त हो चुकी हैं।

प्रतिभागियों की सुविधा के लिए अकादमी में शुद्ध एवं ताजा भोजन के लिए कैफेटेरिया की व्यवस्था की गई है, जबकि चुनाखान क्षेत्र के रिजॉर्ट एवं होटलों में आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

टूर्नामेंट सचिव डीएस रावत ने बताया कि दोनों प्रतियोगिताओं के लिए एटीएफ एवं आईटीएफ द्वारा व्हाइट बैज रेफरी एंटोन डी सूजा को नामित किया गया है। उनके सहयोग के लिए 4-5 अंपायरों की टीम भी मौजूद रहेगी।

दोनों टूर्नामेंट के मुख्य अतिथि उत्तराखंड हाईकोर्ट नैनीताल के न्यायमूर्ति आलोक माहरा एवं उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश नेगी होंगे। प्रतियोगिता के आयोजन की सभी तैयारियां ऑप्टिमम टेनिस अकादमी एवं उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन द्वारा पूरी कर ली गई हैं।

टूर्नामेंट की ओपनिंग सेरेमनी 2 अक्टूबर को सुबह 10 बजे तथा दूसरे टूर्नामेंट की ओपनिंग सेरेमनी 4 अक्टूबर को शाम 4 बजे आयोजित होगी। इस दौरान उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन के सचिव सुमित गोयल, देवेंद्र सिंह रावत सपरिवार, अवनीश रस्तोगी सहित अन्य गणमान्य एवं खिलाड़ी मौजूद रहेंगे।

उत्तराखंड टेनिस एसोसिएशन के तत्वावधान में यह आयोजन प्रतिवर्ष ऑप्टिमम टेनिस अकादमी में किया जाता है। फैन स्पोर्ट्स क्लब और अवनीश रस्तोगी भी प्रतियोगिता के सफल संचालन में लगातार सहयोग कर रहे हैं।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई