सपा के संस्थापक सदस्य एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राम बहादुर सिंह यादव का निधन, अखिलेश यादव ने जताया गहरा शोक

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

सपा के संस्थापक सदस्य एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राम बहादुर सिंह यादव का निधन, अखिलेश यादव ने जताया गहरा शोक

रिपोर्ट सत्य प्रकाश 

बरेली। आंवला क्षेत्र के वरिष्ठ समाजवादी नेता, समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य, पूर्व तहसील अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष चौधरी राम बहादुर सिंह यादव का शनिवार को 82 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की सूचना रविवार दोपहर सार्वजनिक होने के बाद समाजवादी पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन को समाजवादी आंदोलन के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।

चौधरी राम बहादुर सिंह यादव आंवला के मोहल्ला ताड़गंज, यादवों की पुलिया के निवासी थे। उन्होंने लंबे समय तक समाजवादी पार्टी के संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पार्टी में उन्होंने पूर्व तहसील अध्यक्ष और विधानसभा अध्यक्ष सहित कई अहम जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। अपने सादगीपूर्ण व्यक्तित्व, संगठन के प्रति समर्पण और जनसेवा के कारण वे कार्यकर्ताओं के बीच बेहद लोकप्रिय थे।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने जारी शोक संदेश में दिवंगत नेता के योगदान को याद करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। अखिलेश यादव की ओर से भेजा गया समाजवादी पार्टी का झंडा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने उनके पार्थिव शरीर पर ओढ़ाकर अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. इंद्रपाल सिंह यादव, जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष अगम मौर्य, भूपेंद्र सिंह, अमित राज सिंह, डॉ. जीराज, बी.डी. वर्मा, पीयूष वर्मा, राकेश प्रजापति, राकेश गौड़, विजेंद्र सिंह यादव, मशकूर खान, अरविंद यादव, विकार अली, गुड्डू, संगीता पाल सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि चौधरी राम बहादुर सिंह यादव ने अपना पूरा जीवन समाजवादी विचारधारा और जनसेवा को समर्पित किया। उनका निधन न केवल समाजवादी पार्टी बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उपस्थित सभी लोगों ने उनके व्यक्तित्व और कार्यों को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई