त्योहारों से पहले खाद्य विभाग का शिकंजा, कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। हरीश भाकुनी
हल्द्वानी/नैनीताल। आगामी रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर 26 अगस्त को हल्द्वानी ग्रामीण, कालाढूंगी, रामनगर समेत विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के विधिक और सर्वे नमूने लिए गए।
हल्द्वानी और कालाढूंगी क्षेत्र में M/s Mandakini Beverages, Lamachour से उत्तराखण्ड जीरा पेय पदार्थ, PK Foods and Chemicals, Vijaypur, Chakaluw से कृष्णा सॉस, Nutriconcept Foods Private Limited, ग्राम धमौला से काजू, M/s Aashadeep Enterprises, Aanpur Lamachour से नूडल्स तथा M/s Supersales Jiyarurahman, Kaladhungi Market से अरहर दाल के विधिक नमूने लिए गए।
रामनगर के चिलकिया क्षेत्र में मै० जगदीश आटा मिल से आटा तथा मै० मित्तल इंटरप्राइजेज, शिवलालपुर से गरम खड़ा मसाला के नमूने संकलित किए गए। हल्द्वानी ग्रामीण क्षेत्र में M/s Shivani General Store, पंचायत घर से वनस्पति तथा Blink Commerce Pvt. Ltd., Devalchaur से दूध और घी के नमूने लिए गए। इसके अलावा खोया, बर्फी, चाशनी, मोतीचूर और रसगुल्ले के सर्वे नमूने भी संकलित किए गए।
संकलित विधिक नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा जा रहा है। विभाग ने कहा कि त्योहारों के दौरान मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी अजब सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नन्दकिशोर तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान सहित विभागीय टीम शामिल रही। खाद्य विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि मिठाइयां और अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय गुणवत्ता, स्वच्छता, पैकेजिंग और लेबलिंग का विशेष ध्यान रखें।




