वायरल वीडियो पर SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी का बड़ा एक्शन, काठगोदाम रोड पर डंडे लहराने वाले 15 युवक चिन्हित
08 बालिग और 07 नाबालिग पुलिस की पकड़ में, बालिगों पर पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई; वीडियो में प्रयुक्त वाहन सीज
हल्द्वानी। जन्माष्टमी पर्व की रात हल्द्वानी-काठगोदाम मार्ग पर कुछ युवकों द्वारा वाहनों में सवार होकर डंडे लहराने और आमजन में भय व अराजकता का माहौल पैदा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।
SSP के निर्देश पर ASP/CO हल्द्वानी अमित सैनी ने वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों और वाहनों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर चौहान के नेतृत्व में चौकी प्रभारी काठगोदाम दिलीप कुमार और पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए वीडियो में प्रयुक्त वाहनों का पता लगाया और युवकों की पहचान शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 15 युवकों को चिन्हित कर थाने लाया, जिनमें 08 बालिग और 07 नाबालिग शामिल हैं।
08 बालिग युवकों पर पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस के अनुसार चिन्हित आठों बालिग युवकों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना जमा कराया गया। साथ ही वायरल वीडियो में प्रयुक्त वाहनों को सीज कर दिया गया।
कार्रवाई की जद में आए युवकों में दीप गोगोई (19), पारस सिंह (18), करन कुमार (18), हरि किशोर (18), कृष्णा सिंह (19), नितिन (19), मुकेश शर्मा (18) और कमलेश सम्मल (20) शामिल हैं।
07 नाबालिगों की काउंसलिंग, परिजनों पर भी कार्रवाई
मामले में चिन्हित सात नाबालिगों के परिजनों को पुलिस थाने बुलाकर काउंसलिंग की जा रही है। पुलिस ने बताया कि नाबालिगों के परिजनों के विरुद्ध भी पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना जमा कराया गया है।
पुलिस ने सभी युवकों और उनके परिजनों को भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न करने की सख्त हिदायत दी है।
SSP नैनीताल का दो टूक संदेश
SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में किसी भी प्रकार की अराजकता, सार्वजनिक स्थान पर भय का माहौल पैदा करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले कृत्यों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस तत्काल संज्ञान लेकर प्रभावी और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद साफ है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारनुमा वस्तुएं लहराकर दहशत फैलाने अथवा अराजकता पैदा करने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस सख्त रुख अपनाए हुए है।




