बरेली में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने पति पर लगाया जहर देकर हत्या का आरोप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

 

बरेली में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने पति पर लगाया जहर देकर हत्या का आरोप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार

रिपोर्ट/राजेश सिंह 

बरेली। किला थाना क्षेत्र के खन्नू मोहल्ला में रहने वाली एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका को उसका पति इलाज के लिए विनायक अस्पताल लेकर पहुंचा था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मौत की सूचना मिलते ही मायके पक्ष अस्पताल पहुंच गया और पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। मृतका की पहचान शहनाज के रूप में हुई है। उसके पिता इंतेजार हुसैन ने बताया कि करीब आठ वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी बेटी की शादी खन्नू मोहल्ला निवासी माजिद से की थी। माजिद एक दवा कंपनी में सेल्समैन के रूप में कार्यरत है।

परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही शहनाज को घरेलू प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था। बुधवार सुबह करीब नौ बजे माजिद ने फोन कर शहनाज की तबीयत अचानक बिगड़ने की सूचना दी। जब मायके पक्ष अस्पताल पहुंचा, तब तक शहनाज की मौत हो चुकी थी।

परिजनों का दावा है कि अस्पताल में शव के मुंह से झाग निकलते हुए दिखाई दिए, जिससे जहर दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतका के भाई मोहसिन ने पति पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया। उसका कहना है कि शहनाज लंबे समय से मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न झेल रही थी।

घटना की सूचना मिलते ही सीओ सेकेंड सोनाली मिश्रा और किला थाना प्रभारी सुभाष कुमार विनायक अस्पताल पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई