MBPG छात्रसंघ चुनाव पर पुलिस का सख्त पहरा, SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. खुद मैदान में—बाहरी तत्वों पर पैनी नजर
हल्द्वानी। MBPG कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं और अधिकारियों व ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
SSP ने स्पष्ट किया कि छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया है और इसकी आड़ में किसी भी बाहरी, आपराधिक या अराजक तत्व को कॉलेज परिसर अथवा आसपास माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। छात्रों को डराने-धमकाने, दबाव बनाने, विवाद उत्पन्न करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और गतिविधि सामने आने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रवेश द्वार से संवेदनशील स्थानों तक कड़ी निगरानी
SSP ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत सभी ड्यूटी पॉइंट पर तैनात अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को अत्यधिक सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। प्रवेश द्वार, बैरियर, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर प्रभावी चेकिंग एवं फ्रिस्किंग सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इसके साथ ही मोबाइल पुलिस टीमों को लगातार गश्त करने तथा सोशल मीडिया पर भी सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना के जरिए माहौल बिगाड़ने की कोशिश को समय रहते रोका जा सके।
जीरो जोन में वाहनों की नो-एंट्री, भीड़ पर भी नजर
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए। जीरो जोन में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जाए। किसी भी प्रकार के विवाद, हुड़दंग, अफवाह अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली स्थिति की सूचना मिलते ही प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
SSP का स्पष्ट संदेश—चुनाव शांतिपूर्ण होगा, कानून तोड़ने वालों पर कार्रवाई
SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट किया कि छात्रसंघ निर्वाचन शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है। चुनाव की आड़ में छात्रों को धमकाने, बाहरी या अराजक तत्वों के हस्तक्षेप तथा किसी भी प्रकार की हिंसा अथवा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भास्कर न्यूज24 | संपादक हरीश भाकुनी





