Home Bareilly आकाशवाणी बरेली को मिला नया नेतृत्व, मिथिलेश श्रीवास्तव बने स्थानीय केंद्राध्यक्ष

आकाशवाणी बरेली को मिला नया नेतृत्व, मिथिलेश श्रीवास्तव बने स्थानीय केंद्राध्यक्ष

0

आकाशवाणी बरेली को मिला नया नेतृत्व, मिथिलेश श्रीवास्तव बने स्थानीय केंद्राध्यक्ष

पत्रकारिता और प्रसारण के क्षेत्र में लंबा अनुभव रखने वाले मिथिलेश श्रीवास्तव को प्रसार भारती ने सौंपी नई जिम्मेदारी

रिपोर्ट सत्य प्रकाश 

बरेली। आकाशवाणी बरेली को नया नेतृत्व मिल गया है। प्रसार भारती ने वरिष्ठ प्रसारण अधिकारी एवं कार्यक्रम विशेषज्ञ मिथिलेश श्रीवास्तव को आकाशवाणी बरेली का स्थानीय केंद्राध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति से केंद्र के अधिकारियों और कर्मचारियों में खुशी का माहौल है।

उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद की रसड़ा तहसील स्थित लोहता गांव के मूल निवासी मिथिलेश श्रीवास्तव बहुमुखी प्रतिभा के धनी माने जाते हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से हिंदी साहित्य और राजनीति विज्ञान में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद पत्रकारिता और मीडिया जगत में अपनी अलग पहचान बनाई।

मिथिलेश श्रीवास्तव ने अपने करियर के दौरान लोकमत, इंडिया न्यूज टीवी, जनता टीवी, फोकस टीवी और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में रिपोर्टर, एंकर, प्रोड्यूसर और न्यूज हेड सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। अपनी कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता के बल पर उन्होंने मीडिया जगत में विशेष पहचान बनाई।

24 अप्रैल 2015 को उनकी नियुक्ति प्रसार भारती में प्रसारण अधिकारी के रूप में आकाशवाणी लखनऊ केंद्र पर हुई। यहां उन्होंने कार्यक्रम समन्वय, नाटक, रूपक तथा विशेष ओबी (आउटडोर ब्रॉडकास्ट) कवरेज जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का सफलतापूर्वक संचालन किया। उनकी प्रशासनिक और रचनात्मक क्षमता के कारण उन्हें विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी जाती रहीं।

एक सितंबर 2022 को उनका स्थानांतरण आकाशवाणी बरेली में हुआ। यहां भी उन्होंने कार्यक्रमों की गुणवत्ता और नवाचार पर विशेष ध्यान दिया। नवंबर 2025 में उन्हें पदोन्नति देकर कार्यक्रम अधिशासी बनाया गया और केंद्र के कार्यक्रम प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई।

अब प्रसार भारती ने उनके अनुभव और उत्कृष्ट सेवाओं को देखते हुए उन्हें आकाशवाणी बरेली का स्थानीय केंद्राध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी इस उपलब्धि पर आकाशवाणी परिवार के सभी सहकर्मियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि उनके नेतृत्व में आकाशवाणी बरेली नई ऊंचाइयों को छुएगा और श्रोताओं को और अधिक गुणवत्तापूर्ण कार्यक्रम उपलब्ध कराएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version