बरेली पुलिस ने लौटाई 462 लोगों की मुस्कान, 95 लाख रुपये के गुम मोबाइल बरामद
रिपोर्ट राजेश सिंह
बरेली। गुम हुए मोबाइल फोन के वापस मिलने की उम्मीद अक्सर लोग छोड़ देते हैं, लेकिन बरेली पुलिस ने एक बार फिर अपनी सक्रियता और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए सैकड़ों लोगों को बड़ी राहत दी है। मई माह में चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 462 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 95 लाख रुपये बताई गई है।
रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित रविन्द्रालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसपी साउथ ने बरामद मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे। लंबे समय से अपने मोबाइल की तलाश कर रहे लोगों के लिए यह खुशी का अवसर रहा। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने बरेली पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका फोन दोबारा मिल पाएगा।
इस सफलता के पीछे सर्विलांस सेल, साइबर टीमों और कंप्यूटर ऑपरेटरों की कड़ी मेहनत रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देशन में टीमों ने भारत सरकार के सीईआईआर पोर्टल और आधुनिक तकनीकी संसाधनों की मदद से गुम मोबाइल फोन ट्रैक किए। लगातार निगरानी, डेटा विश्लेषण और फील्ड कार्रवाई के जरिए बड़ी संख्या में मोबाइल बरामद करने में सफलता मिली।
मोबाइल बरामदगी अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभिन्न थानों की साइबर टीमों को सम्मानित भी किया गया। एसएसपी ने टीमों के पुलिसकर्मियों को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
पुलिस के अनुसार जनवरी 2025 से मई 2026 तक जिले में कुल 5,259 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 10.5 करोड़ रुपये से अधिक है। यह उपलब्धि बरेली पुलिस की तकनीकी क्षमता, तत्परता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
