ईमेल से मिली बम धमकी के बाद बरेली पासपोर्ट कार्यालय में मची अफरा-तफरी, सुरक्षा एजेंसियों ने घंटों चलाया सर्च ऑपरेशन

रिपोर्ट /राजेश सिंह
बरेली। शहर के प्रदर्शनी नगर स्थित पासपोर्ट कार्यालय को शुक्रवार सुबह एक धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और एहतियात के तौर पर पूरे परिसर को खाली करा दिया गया।
बताया जा रहा है कि पासपोर्ट कार्यालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर आए संदिग्ध संदेश में भवन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। जैसे ही कर्मचारियों ने मेल देखा, उन्होंने तत्काल पुलिस प्रशासन को इसकी जानकारी दी।
सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, बम निरोधक दस्ता (BDS) और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा टीमों ने कार्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में गहन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान पासपोर्ट बनवाने पहुंचे लोगों और कर्मचारियों को सुरक्षा के मद्देनज़र बाहर निकाल दिया गया।
घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और आने-जाने वालों पर नजर रखी गई।
अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं साइबर सेल को भी जांच में लगाया गया है, ताकि धमकी भरा ईमेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
पुलिस का कहना है कि सुरक्षा के लिहाज से जांच पूरी होने तक क्षेत्र में निगरानी जारी रखी जाएगी।


