चर्चित नेता पप्पू गिरधारी के भतीजे टिंकू–सौरभ राठौर और लल्ला गद्दी पर गुंडा एक्ट,जिले से बेदखली तक की तैयारी पूरी
फिरोज खान/यूपी हेड
रिपोर्ट/राजेश सिंह
SSP अनुराग आर्य का बड़ा कदम:
बरेली। शहर में बढ़ते आपराधिक ग्राफ पर नकेल कसने के लिए एसएसपी अनुराग आर्य ने बड़ा कदम उठाया है। बारादरी थाना क्षेत्र के तीन कुख्यात चेहरों—भाजपा नेता पप्पू गिरधारी के भतीजे आकाश उर्फ टिंकू राठौर, उसके भाई सौरभ राठौर, और माफिया अशरफ के साले सद्दाम के करीबी मोहम्मद रजा उर्फ लल्ला गद्दी
पर गुंडा एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने सभी के खिलाफ तैयार की गई फाइलें एसएसपी कार्यालय भेज दी हैं।
टिंकू और सौरभ राठौर का लंबा आपराधिक इतिहास
बारादरी पुलिस के अनुसार टिंकू राठौर पर जानलेवा हमला, बलवा सहित पांच गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वहीं सौरभ राठौर भी कई आपराधिक मामलों में नामजद है।
पुलिस का कहना है कि लंबे समय से दोनों पर इलाके में दहशत फैलाने, धमकाने और दबंगई की शिकायतें मिल रही थीं। लगातार बढ़ती शिकायतें देखते हुए एसएसपी ने सख्त निर्देश जारी किए, जिसके बाद कार्रवाई की गई।
चावल मंडी गोलीकांड बना कार्रवाई का आधार
यह पूरा मामला 8 दिसंबर 2024 को जोगी नवादा की चावल मंडी में हुई गोलीबारी के बाद तेजी से सामने आया। अधिवक्ता रीना सिंह द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया कि उनके पति लखन सिंह पर सौरभ राठौर और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश के चलते हमला किया।
बीच-बचाव करने पहुंचे सूरजभान, प्रेमपाल और दरबारी लाल पर भी जानलेवा हमला किया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।
एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि गुंडा एक्ट की कार्रवाई समाज विरोधी तत्वों को कड़ा संदेश देने के लिए है, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।
लल्ला गद्दी पर भी चला पुलिस का हंटर
बारादरी पुलिस ने माफिया अशरफ के साले सद्दाम के करीबी और उसके कारोबारी पार्टनर लल्ला गद्दी पर भी शिकंजा कसा है। पुलिस का कहना है कि उसका संपर्क अपराधियों से लगातार बना रहता था और उसकी गतिविधियां कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बन चुकी थीं।
अब पुलिस उसकी चालानी रिपोर्ट डीएम को भेजेगी, जिसके बाद DM कोर्ट में सुनवाई होगी। कोर्ट से अनुमोदन के बाद इन सभी को जिला बदर भी किया जा सकता है।
शहर में चर्चा और पुलिस की सख्ती से बढ़ा सख्त संदेश
एक साथ तीन प्रभावशाली व आपराधिक छवि वाले लोगों पर की गई गुंडा एक्ट की कार्रवाई ने बारादरी क्षेत्र सहित पूरे बरेली में बड़ा संदेश दिया है कि अब अपराधियों पर पुलिस की पूरी पैनी नजर है और किसी भी दबंग को बख्शा नहीं जाएगा।


