
दिन मे नो एंट्री में घुसे ट्रक ने दंपत्ति को मारी टक्कर, महिला की मौत पति गंभीर, ड्राइवर फरार
फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट/राजेश सिंह
बरेली। स्टेडियम रोड पर मंगलवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब नो एंट्री में घुसे तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार दंपत्ति को कुचल दिया। हादसे में 62 वर्षीय महिला सुनीता अग्रवाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति 65 वर्षीय रिटायर्ड बैंक मैनेजर मुकेश अग्रवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला और मौके पर भीड़ जमा हो गई।
दवा दिलाने जा रहे थे दंपत्ति
बारादरी थाना क्षेत्र के मॉडल टाउन चौकी के पास करीब एक बजे मुकेश अग्रवाल अपनी पत्नी सुनीता को दवा दिलाने के लिए स्कूटी से स्टेडियम रोड की ओर जा रहे थे। ए.के. आई. हॉस्पिटल के पास अचानक एक ट्रक ने नो एंट्री नियम तोड़ते हुए उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुनीता अग्रवाल ट्रक के पहिये के नीचे आ गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
पति अस्पताल में भर्ती, ड्राइवर फरार
गंभीर रूप से घायल मुकेश अग्रवाल को स्थानीय लोगों ने तुरंत पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हादसा होते ही ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल दंपत्ति आशापुरम कॉलोनी के रहने वाले हैं, जो घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर स्थित है।
सीओ पंकज श्रीवास्तव का बयान
सीओ पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रक नो एंट्री में कैसे घुसा, इसकी जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। ट्रक चालक की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं। मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।