नतीजों के बाद भी कायम वादों पर जोर: विजय ने दोहराया चुनावी संकल्प
जनता को भरोसा दिलाया—महिलाओं, किसानों और युवाओं के लिए घोषित योजनाएं होंगी लागू
रिपोर्ट भास्कर न्यूज24 एजेंसी
तमिलनाडु में चुनावी नतीजे सामने आने के बाद तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के प्रमुख विजय थलापति ने अपने चुनावी घोषणापत्र को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि चुनाव के दौरान किए गए वादे केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि जनता से किया गया संकल्प हैं, जिन्हें पूरा करना उनकी प्राथमिकता होगी।
विजय ने कहा कि महिलाओं को हर महीने ₹2,500 की आर्थिक सहायता, छोटे किसानों के लिए कर्ज माफी और बुजुर्गों, विधवाओं व दिव्यांगों को ₹3,000 मासिक पेंशन जैसी योजनाएं लागू करने की दिशा में काम किया जाएगा।
उन्होंने यह भी दोहराया कि गरीब परिवारों की बेटियों की शादी के लिए 8 ग्राम सोना देने, 200 यूनिट मुफ्त बिजली और पाइप से पानी की सप्लाई जैसी सुविधाएं जनता तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
इसके अलावा महंगाई से राहत देने के लिए हर साल 6 मुफ्त LPG सिलेंडर देने और महिला स्वयं सहायता समूहों को ₹5 लाख तक का ब्याज मुक्त लोन देने की योजना पर भी जोर दिया गया।
युवाओं को ध्यान में रखते हुए ग्रेजुएट को ₹4,000 और डिप्लोमा धारकों को ₹2,500 मासिक भत्ता देने की घोषणा को भी उन्होंने दोहराया।
विजय ने कहा कि उनकी राजनीति का मकसद सिर्फ सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि आम जनता के जीवन में वास्तविक बदलाव लाना है। अब नजर इस बात पर है कि इन वादों को जमीन पर उतारने के लिए आगे क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।


