पुरानी रंजिश में युवक की गोलियों से भूनकर हत्या, गांव में दहशत
खेत में शौच के लिए गए युवक पर घात लगाकर हमला, मौके पर मौत • फायरिंग में एक आरोपी भी घायल • पुलिस पर लापरवाही के आरोप
रिपोर्ट राजेश सिंह
बरेली।शनिवार सुबह भमोरा थाना क्षेत्र के भीकमपुर गांव में पुरानी दुश्मनी ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। खेत की ओर गए एक युवक की घात लगाकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे गांव में सन्नाटा और भय का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान कल्लू उर्फ कल्याण के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, वह रोज की तरह सुबह खेत की ओर गए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। कई गोलियां लगने से कल्याण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के दौरान आरोपी पक्ष के जुगेंद्र नाम के व्यक्ति के घायल होने की भी खबर है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
मृतक के भाई धर्मपाल ने बताया कि गांव के कुछ लोगों से उनका लंबे समय से विवाद चल रहा था। करीब दो साल पहले भी उनके भाई महेंद्र के साथ मारपीट की घटना हुई थी। चार दिन पहले दोनों पक्षों के बीच फिर से झगड़ा हुआ था, जो थाने तक पहुंचा था। शुक्रवार को समझौते की कोशिश चल रही थी, लेकिन उससे पहले ही यह वारदात हो गई।
गांव में दहशत, पुलिस पर सवाल
हत्या के बाद गांव में डर और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक के खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज थे, लेकिन परिजन इसे सुनियोजित हत्या बता रहे हैं। वहीं परिवार ने पुलिस पर समय रहते कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही सीओ नितिन कुमार और थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
