Tuesday, July 28, 2026
Google search engine
HomePolticalबरेली में मध्य प्रदेश के किशोर की बेरहमी से हत्या, चोरी के...

बरेली में मध्य प्रदेश के किशोर की बेरहमी से हत्या, चोरी के आरोप में पीटा, हाथ बांधकर पानी में फेंका गया शव मिला

बरेली में मध्य प्रदेश के किशोर की बेरहमी से हत्या, चोरी के आरोप में पीटा, हाथ बांधकर पानी में फेंका गया शव मिला

फिरोज खान भास्कर टुडे
रिपोर्ट-राजेश सिंह

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां बिशारतगंज कस्बे में मध्य प्रदेश के देवास जिले के रहने वाले 16 वर्षीय किशोर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उसका शव अलीगंज-आंवला मार्ग किनारे लोहारी गांव के पास पानी भरी खाई में पड़ा मिला। मृतक के दोनों हाथ पीछे बंधे हुए थे और गले में दुपट्टा लिपटा हुआ था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि किशोर की पहचान असिन राज (16 वर्ष) पुत्र राजाराम, निवासी ग्राम बीसाखेड़ी, थाना चौबारा, जिला देवास (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। असिन अपने परिवार के साथ बरेली जंक्शन के पास झोपड़ी में रहता था और माला व मूर्तियां बेचकर गुजर-बसर करता था।

रविवार को असिन अलीगंज थाना क्षेत्र के गैनी साप्ताहिक बाजार में माला और मूर्तियां बेचने गया था। चचेरे भाई शेखर ने बताया कि शाम करीब चार बजे असिन पकौड़ी खाने के लिए गया था, लेकिन उसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने पूरी रात उसकी तलाश की। सोमवार सुबह जब वे अलीगंज-आंवला मार्ग की ओर खोजबीन कर रहे थे, तो खाई में उसका शव मिला।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि बाजार में अवैध वसूली करने वाले कुछ ठेकेदारों ने असिन पर मोबाइल चोरी का झूठा आरोप लगाकर उसकी पिटाई की थी। उसकी बहन ईनीसना ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि “बाजार में ठेके की उगाही करने वाले लोग” उसके भाई को पकड़कर ले गए थे। उनमें से एक व्यक्ति खुद को सैन्यकर्मी (फौजी) बताकर लोगों को भ्रमित कर रहा था। उसी व्यक्ति ने असिन को बाजार से साथ ले जाकर उसकी हत्या कर दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि असिन की मौत पानी में डूबने से हुई है, लेकिन उसके हाथ बंधे होने और शरीर पर चोटों के निशान मिलने से हत्या की आशंका और गहरा गई है।

एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया, “पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पानी में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है, लेकिन हाथ बंधे होने और चोटों के कारण मामला संदिग्ध है। मृतक की बहन की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बहुत जल्द पूरे प्रकरण का खुलासा किया जाएगा।”

घटना से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजारों में लंबे समय से अवैध वसूली करने वाले ठेकेदार सक्रिय हैं, जिन पर पुलिस अब तक कोई कार्रवाई नहीं कर रही थी।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments