बरेली सपा में बड़ा फेरबदल: शुभलेश यादव बने जिलाध्यक्ष, मिशन 2027 की तैयारी तेज
रिपोर्ट सत्य प्रकाश
बरेली/लखनऊ।समाजवादी पार्टी ने बरेली संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए शुभलेश यादव को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। यह मनोनयन प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की स्वीकृति के बाद किया। बुधवार को जारी पत्र में शुभलेश यादव को आधिकारिक रूप से जिले की कमान सौंपी गई।
पार्टी द्वारा जारी पत्र में उनके पते का उल्लेख करते हुए उन्हें बरेली का जिलाध्यक्ष घोषित किया गया है। संगठन ने एक बार फिर शुभलेश यादव पर भरोसा जताते हुए उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। माना जा रहा है कि आगामी पंचायत और निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए यह रणनीतिक फैसला लिया गया है।
संगठन में अनुभव का मिला इनाम
शुभलेश यादव पहले भी पार्टी में कई अहम पदों पर रह चुके हैं। संगठन में उनकी सक्रियता और जमीनी कार्यकर्ताओं पर पकड़ को देखते हुए हाईकमान ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि उनका अनुभव आने वाले चुनावों में अहम भूमिका निभा सकता है।
कार्यकर्ताओं से सहयोग की अपील
प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय से जारी पत्र में सभी कार्यकर्ताओं से नए जिलाध्यक्ष का सहयोग करने की अपील की है। पत्र में पार्टी के पारंपरिक नारे—‘मुलायम सिंह यादव अमर रहें’, ‘डॉ. लोहिया अमर रहें’ और ‘अखिलेश यादव जिंदाबाद’—भी शामिल किए गए हैं।
सामने बड़ी चुनौतियां
नए जिलाध्यक्ष के सामने सबसे बड़ी चुनौती बरेली में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है। साथ ही, गुटबाजी खत्म कर कार्यकर्ताओं को एकजुट करना और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी को धार देना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
समर्थकों में उत्साह, जल्द बनेगी नई टीम
मनोनयन के बाद शुभलेश यादव के समर्थकों में खुशी की लहर है। माना जा रहा है कि जल्द ही नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
अखिलेश यादव की मंजूरी के बाद इस नियुक्ति को बरेली में सपा के लिए नई ऊर्जा के रूप में देखा जा रहा है, जिससे ‘मिशन 2027’ की तैयारियां अभी से तेज होती नजर आ रही हैं।
