मेरठ मे अश्लील कंटेंट में बच्ची के इस्तेमाल के आरोप में सोशल मीडिया स्टार शादाब जकाती गिरफ्तार
फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट/राजेश सिंह
मेरठ। सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाले चर्चित शख्स शादाब जकाती को मेरठ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जकाती पर एक नाबालिग बच्ची का इस्तेमाल कर अश्लील कंटेंट शूट कराने का गंभीर आरोप है। इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी नाराजगी देखने को मिली थी।
मामला तब सामने आया जब एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें शादाब जकाती एक स्टोर दुकानदार की भूमिका में नजर आ रहा था, जबकि उसके साथ दिखाई दे रही नाबालिग बच्ची से आपत्तिजनक अभिनय कराया गया था। वीडियो के सामने आते ही सोशल एक्टिविस्टों और आम लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई।
सोशल एक्टिविस्ट राहुल ने इस वीडियो की शिकायत पुलिस और राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) में की। शिकायत में आरोप लगाया गया कि बच्ची को झांसा देकर अश्लीलता फैलाने वाले कंटेंट में शामिल किया गया, जो पॉक्सो एक्ट और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत गंभीर अपराध है।
शिकायत पर संज्ञान लेते हुए इंचोली थाना पुलिस हरकत में आई और जांच के बाद शादाब जकाती को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में वीडियो की सत्यता और नाबालिग बच्ची की मौजूदगी की पुष्टि हुई, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
राष्ट्रीय बाल आयोग ने भी इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए मेरठ पुलिस से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। वहीं, पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने इससे पहले भी ऐसे वीडियो बनाए या साझा किए थे।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग नाबालिग बच्ची के साथ ऐसी हरकत करने पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में सभी कानूनी धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
