इनवर्टिस विश्वविद्यालय में धूमधाम से मनाया गया 78वां एनसीसी दिवस, कैडेट्स ने परेड कर बढ़ाया गौरव
फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट/राजेश सिंह
बरेली। इनवर्टिस विश्वविद्यालय में 78वां एनसीसी दिवस उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं बरेली के मेयर डॉ. उमेश गौतम तथा कार्यकारी निदेशक पार्थ गौतम के निर्देशन में 21 यूपी बीएन के एनसीसी कैडेट्स ने कार्यक्रम में अनुशासन, जोश और समर्पण का अनूठा प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय कैडेट कोर के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए हुई। इसके बाद कैडेट्स ने एनसीसी यूनिफॉर्म में सुसंगठित परेड की, देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए और एनसीसी के आदर्शों पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं।
कार्यक्रम में कैडेट्स की ऊर्जावान भागीदारी ने वहां उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों में देशभक्ति का जज्बा और भी प्रबल कर दिया।
उपस्थित अतिथियों ने एनसीसी को युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने वाला महत्वपूर्ण संगठन बताते हुए कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया। इस प्रेरणादायी आयोजन ने युवा कैडेट्स में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और देशसेवा का संकल्प जगाया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वाई.डी.एस. आर्या, कुलसचिव संतोष कुमार, असिस्टेंट प्रोफेसर एवं सीटीओ डॉ. राघवेंद्र रस्तोगी, पीआई जितेंद्र कुमार शर्मा, विभिन्न विभागों के संकायाध्यक्ष, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
एनसीसी दिवस का यह आयोजन विश्वविद्यालय परिसर में देशभक्ति और अनुशासन की मिसाल बनकर यादगार साबित हुआ।
