“सास ने घरवालों से अलग करा दिया…” कहा और युवक ने खा लिया ज़हर,
फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट/हैदर अली
मरने से पहले बनाया वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वाइरल
बरेली। देवरनियां कस्बे में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 22 वर्षीय युवक ने पत्नी से विवाद के बाद जहर खाकर जान दे दी। मरने से पहले उसने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें अपनी सास पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक का कहना था कि “सास ने मुझे घरवालों से अलग करा दिया… मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी।” वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामला देवरनियां थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर एक शाहाबाद निवासी पूरनलाल के बेटे गोपाल (22) का है। रविवार रात गोपाल का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। झगड़े के कुछ देर बाद उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। जब उसकी हालत बिगड़ी तो परिजन घबरा गए और तुरंत भोजीपुरा के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया लेकिन देर रात गोपाल ने दम तोड़ दिया।
सूचना पर पहुंची देवरनियां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हालांकि सोमवार शाम तक परिजनों ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी थी।
थाना प्रभारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि युवक की मौत अस्पताल में हुई है। यदि परिजन शिकायत देंगे तो पुलिस कानूनी कार्रवाई करेगी।
इस बीच गोपाल के मोबाइल से मिला वीडियो पूरे घटनाक्रम की दिशा बदल रहा है। वीडियो में गोपाल ने कहा, “मेरी सास ही सब कुछ करवा रही है। उसी ने मुझे घरवालों से अलग करा दिया…अब मैं क्या करूं?” इस बयान ने परिवार में हलचल मचा दी है।
ग्रामीणों के मुताबिक, पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता था। गोपाल की मौत के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया है। लोग अब सवाल उठा रहे हैं कि आखिर किस वजह से एक 22 साल का युवक इतना मजबूर हुआ कि उसे अपनी जान लेनी पड़ी।
