हरीश रावत का दिल्ली-देहरादून हाईवे पर कार एक्सीडेंट, सीएम धामी ने फोन कर पूछा हालचाल बाल-बाल बचे पूर्व मुख्यमंत्री

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

हरीश रावत का दिल्ली-देहरादून हाईवे पर कार एक्सीडेंट, सीएम धामी ने फोन कर पूछा हालचाल बाल-बाल बचे पूर्व मुख्यमंत्री

फिरोज खान/ यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट-हैदर अली

दिल्ली से देहरादून लौटते समय मेरठ के पास हुआ हादसा, काफिले की कई गाड़ियां आपस में टकराईं

देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत (Harish Rawat) शनिवार शाम एक सड़क हादसे (Road Accident) का शिकार हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब वह दिल्ली से देहरादून लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि मेरठ जिले के खड़ोली मोड़ (Delhi-Dehradun Highway AH-58) पर उनके काफिले के सामने अचानक एक व्यक्ति आ गया।
इससे आगे चल रही पुलिस एस्कॉर्ट ने अचानक ब्रेक लगाए और पीछे चल रही कई गाड़ियां एक-दूसरे से टकरा गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने तुरंत फोन कर पूछा हालचाल,बोले ‘भगवान का शुक्र है कि आप सुरक्षित हैं’

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के एक्सीडेंट की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) ने तुरंत फोन कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि यह राहत की बात है कि रावत जी सुरक्षित हैं।

सीएम धामी ने कहा “राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, पर किसी भी जनप्रतिनिधि की सुरक्षा सर्वोपरि है।”
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हादसे की जांच की जाए और सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

मेरठ पुलिस ने दी जानकारी — एक गाड़ी क्षतिग्रस्त, हेड कांस्टेबल को मामूली चोट

एसपी ट्रैफिक मेरठ राघवेंद्र मिश्रा ने बताया कि हादसा शाम 7:30 से 8 बजे के बीच हुआ। अचानक एक व्यक्ति के सड़क पर आने से एस्कॉर्ट वाहन के चालक को ब्रेक लगाने पड़े, जिससे पीछे की कई गाड़ियां आपस में भिड़ गईं।

एक सरकारी वाहन का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है, जबकि एस्कॉर्ट में तैनात एक हेड कांस्टेबल को हल्की चोटें आई हैं।
पुलिस ने तुरंत पूर्व मुख्यमंत्री को दूसरी गाड़ी में सुरक्षित स्थानांतरित किया और काफिला देहरादून के लिए रवाना हुआ।

कांग्रेस नेताओं में हलचल, चौधरी यशपाल बोले “ईश्वर की कृपा है कि रावत जी सुरक्षित हैं”

हादसे की खबर जैसे ही सामने आई, कांग्रेस नेताओं में हलचल मच गई।

पूर्व प्रदेश सचिव चौधरी यशपाल सिंह ने बताया कि कार्यकर्ताओं ने तुरंत संपर्क किया और यह राहत भरी खबर मिली कि हरीश रावत पूरी तरह सुरक्षित हैं।

उन्होंने कहा “यह ईश्वर की कृपा है कि हमारे वरिष्ठ नेता रावत जी को कोई चोट नहीं आई। हादसे के बाद पूरा काफिला सुरक्षित रूप से आगे बढ़ गया।”

हाईवे पर कुछ देर बाधित रहा यातायात, पुलिस जांच में जुटी

पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर तुरंत ट्रैफिक बहाल कराया और वाहनों को हटवाया।

दिल्ली-देहरादून हाईवे (AH-58) पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
पुलिस ने कहा कि हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है और हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

हरीश रावत ‘मैं पूरी तरह सुरक्षित हूं, शुभचिंतकों का धन्यवाद’

विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, हरीश रावत फिलहाल पूरी तरह स्वस्थ हैं और देहरादून स्थित अपने आवास पर हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया पर संदेश जारी कर लिखा

“मैं पूरी तरह सुरक्षित हूं। ईश्वर का धन्यवाद और सभी शुभचिंतकों के प्यार व चिंता के लिए हृदय से आभार।”

 

 

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई