नंदा-सुनंदा महोत्सव की सफल व्यवस्थाओं पर नैनीताल पुलिस का सम्मान, अधिकारियों-कर्मचारियों की मुस्तैदी को मिली सराहना
नैनीताल। माँ नंदा-सुनंदा महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर नैनीताल पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को श्री राम सेवक सभा, मंदिर समिति एवं व्यापार मंडल की ओर से सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के नेतृत्व में महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, पार्किंग, कानून-व्यवस्था तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए व्यापक इंतजाम किए गए। पुलिसकर्मी लगातार ग्राउंड पर मुस्तैद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।
सुरक्षा के साथ संवेदनशीलता भी बनी पुलिस की पहचान
महोत्सव के दौरान पुलिस ने कानून-व्यवस्था के साथ जनसेवा और मानवीय संवेदनशीलता का भी परिचय दिया। परिजनों से बिछड़े बच्चों एवं बुजुर्गों को उनके परिवारों से मिलाने के साथ ही गुम हुए मोबाइल फोन, पर्स, नगदी, चाबी, बैग सहित अन्य सामान को तलाश कर सत्यापन के बाद उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाया गया।
पुलिस की इस पहल से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को राहत मिली तथा पुलिस-जनता के बीच विश्वास और मजबूत हुआ।
बेहतर समन्वय से सफल रहा आयोजन
महोत्सव के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लगातार फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यकता के अनुसार तत्काल निर्णय लेते हुए व्यवस्थाओं को सुचारू कराया। मेला समिति, मंदिर समिति, व्यापार मंडल, विभिन्न विभागों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को प्राथमिकता दी गई।
श्री राम सेवक सभा, मंदिर समिति एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने नैनीताल पुलिस की सजगता, त्वरित प्रतिक्रिया, अनुशासन, बेहतर समन्वय एवं जनसेवा की भावना की सराहना करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर सभा एवं समितियों की ओर से अध्यक्ष मनोज शाह, उपाध्यक्ष अशोक शाह, महासचिव जगदीश बलवाड़ी, प्रबंधक विमल चौधरी, कोषाध्यक्ष विनय चौधरी, पूर्व महासचिव देवेंद्र लाल शाह, प्रो. ललित तिवाड़ी, हरीश राणा, मोहित लाल साह, कैलाश जोशी, संदीप साह, वीरेन्द्र मेहरा एवं आनन्द बिष्ट सहित अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।
सम्मान समारोह में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल अंजना नेगी, क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल राजेंद्र सिंह रावत, मेला चौकी प्रभारी निरीक्षक सुनील बिष्ट, एसआई दिनेश जोशी, PRO हेमा ऐठानी, एसआई संजीत राठौड़ सहित ड्यूटी में तैनात अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
महोत्सव के सफल आयोजन पर मिले सम्मान को पुलिस अधिकारियों ने टीम के प्रत्येक सदस्य की मेहनत और बेहतर समन्वय का परिणाम बताते हुए आयोजकों एवं स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार जताया।




