इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय की बड़ी कार्रवाई: फिर किया बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़,

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय की बड़ी कार्रवाई: फिर किया बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़,

फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट/हैदर अली

दो गिरफ्तार, पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

बरेली/बारादरी थाना पुलिस ने इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय के नेतृत्व में बाइक चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जबकि गिरोह का एक अन्य सदस्य सर्वेश कश्यप अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

यह सफलता शनिवार रात करीब 10 बजे बीसलपुर चौराहे की ओर हरूनगला रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान मिली। इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय के निर्देशन में पुलिस टीम ने निर्माणाधीन बीडीए कॉलोनी, बिथरी चैनपुर की तरफ से आ रही एक टीवीएस अपाचे बाइक (UP25BW7704) को रोकने का प्रयास किया।

पुलिस को देखकर बाइक सवार भागने लगे, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

जांच में बाइक के इंजन और चेसिस नंबर संदिग्ध पाए गए। ई-चालान ऐप से जांच करने पर पता चला कि बाइक का इंजन और चेसिस नंबर बदला गया है।

आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे दिल्ली, उत्तराखंड और बरेली के भीड़भाड़ वाले इलाकों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहन के पहचान नंबर मिटाकर नई नंबर प्लेट लगाते थे और फिर उन्हें देहात या अन्य जिलों में बेच देते थे।

गिरोह चोरी की बाइकों को कुछ ऐसे लोगों को भी बेचता था जो उन्हें काटकर तीन पहिया मालवाहक रिक्शों में बदल देते थे, जिससे वाहन की पहचान लगभग असंभव हो जाती थी।

गिरफ्तार अभियुक्तों करन और सर्वेश ने पुलिस को बताया कि उन्होंने दिल्ली के रामलीला मैदान से दशहरे के दिन एक अपाचे बाइक चोरी की थी, जिसे बेचने के लिए वे बरेली लाए थे। दोनों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।

इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं, जो दिल्ली से लेकर उत्तराखंड तक बाइक चोरी की घटनाओं में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने कहा कि बरामद बाइकों के असली मालिकों की पहचान की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है।

इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय की इस सटीक योजना और तत्पर कार्रवाई से पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्थानीय नागरिकों और वरिष्ठ अधिकारियों ने उनकी कार्यशैली की सराहना की है।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई