फतेहगंज पूर्वी में भीषण सड़क हादसा: हाईवे पर डीसीएम से टकराई कार,

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

फतेहगंज पूर्वी में भीषण सड़क हादसा: हाईवे पर डीसीएम से टकराई कार,

फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट/हैदर अली

बैंक उप प्रबंधक और उनकी मां की दर्दनाक मौत, मुरादाबाद जा रहे थे दोनों

बरेली। सोमवार सुबह बरेली जनपद के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही डीसीएम (मिनी ट्रक) में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह डीसीएम में समा गया। इस हादसे में कार सवार मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को हादसे की जानकारी दी।

मुरादाबाद जा रहे थे मां-बेटे, रास्ते में हुआ दर्दनाक हादसा

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान हरदोई जिले के निवासी अपर्ण पांडे (35 वर्ष) और उनकी मां मनोरमा पांडे (50 वर्ष) के रूप में हुई है। अपर्ण पांडे मुरादाबाद में बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में उप प्रबंधक (Deputy Manager) पद पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह वह अपनी मां के साथ कार से मुरादाबाद जा रहे थे। जैसे ही वे फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के टिसुआ के पास पहुंचे, तभी उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में जा पहुंची और सामने से आ रही डीसीएम से आमने-सामने टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए

हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह डीसीएम में जा धंसा। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के गांवों में लोग घरों से बाहर निकल आए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को काटकर मां-बेटे को बाहर निकाला। दोनों को एंबुलेंस के जरिए सीएचसी फरीदपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने परिजनों को दी सूचना, हाईवे पर लगा लंबा जाम

हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाने और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाने में कड़ी मशक्कत की। कुछ घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दी। बताया गया है कि अपर्ण के पिता अशोक कुमार पांडे रामपुर जिले में पुलिस विभाग में दरोगा के पद पर तैनात हैं। बेटे और पत्नी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

स्थानीय लोग बोले हाईवे पर तेज रफ्तार बन रही मौत का सबब

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस जगह पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। यहां हाईवे पर कई बार वाहन चालक तेज रफ्तार में वाहन चलाते हैं और डिवाइडर पार कर दूसरी साइड में चले जाते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि टिसुआ के पास स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं ताकि ऐसे हादसों पर रोक लग सके।

पोस्टमार्टम के बाद सौंपे जाएंगे शव, परिवार में मचा कोहराम

फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। बैंक उप प्रबंधक अपर्ण पांडे की असमय मौत से बैंकिंग जगत और हरदोई में भी शोक की लहर है।

 

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई