छठ पर्व पर बरेली में उमड़ा आस्था का जनसेलाब

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

छठ पर्व पर बरेली में उमड़ा आस्था का जनसेलाब

रामगंगा घाट पर हजारों श्रद्धालुओं ने अर्घ्य अर्पित किया

फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट/हैदर अली

बरेली। छठ पूजा के अवसर पर रविवार को बरेली शहर आस्था और श्रद्धा से सराबोर दिखाई दिया। शहर के विभिन्न हिस्सों में रह रहे बिहार मूल के हजारों लोगों ने परिवार सहित रामगंगा घाट पहुंचकर सूर्यदेव और छठ मैया की पूजा-अर्चना की।

दीपावली के बाद कार्तिक मास की शुक्ल चतुर्थी से शुरू हुआ यह महापर्व रविवार को षष्ठी तिथि पर डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ अपने चरम पर पहुंच गया। महिलाओं ने 36 घंटे का निर्जल व्रत रखकर संध्या अर्घ्य अर्पित किया और अपने परिवार, संतान व समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।

रामगंगा तट, किला घाट, संजय नगर, इज्तमा ग्राउंड, फरीदपुर और नवाबगंज सहित कई जगहों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में फल, ठेकुआ और प्रसाद से भरी डलिया लेकर गीत गाती हुई घाटों तक पहुंचीं। पूरे माहौल में भक्ति और लोकसंस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

इस मौके पर बरेली के डीएम अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य ने रामगंगा घाट पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। प्रशासन ने घाटों पर प्रकाश, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और मेडिकल टीम की व्यवस्था की थी। जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें भी सतर्क रहीं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

छठ पर्व की महिमा और सांस्कृतिक रंगों ने रविवार को बरेली को मिनी बिहार में बदल दिया। सोमवार सुबह सप्तमी तिथि पर श्रद्धालु उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन करेंगे।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई