आईवीआरआई में डॉग शो की धूम… 40 नस्लों के 140 श्वानों का धमाकेदार प्रदर्शन, कहीं स्टाइल ने मोहा मन, कहीं बेहतरीन चाल ने सबको किया दीवाना

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

आईवीआरआई में डॉग शो की धूम… 40 नस्लों के 140 श्वानों का धमाकेदार प्रदर्शन, कहीं स्टाइल ने मोहा मन, कहीं बेहतरीन चाल ने सबको किया दीवाना

संपादक धीरेंद्र सिंह (धीरू)

बरेली। आईवीआरआई मैदान रविवार को एक ऐसे अनोखे नज़ारे का गवाह बना, जहां चारों तरफ दौड़ते, इठलाते और रिंग में अपना जलवा दिखाते खूबसूरत श्वानों ने दर्शकों का मन मोह लिया। आईवीआरआई और केनेल क्लब ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित 43वें और 44वें नेशनल डॉग शो में देशभर से पहुंचे 40 नस्लों के 140 देसी-विदेशी डॉग्स ने अपनी ट्रेनिंग, अंदाज़ और सुन्दरता से खूब तारीफें बटोरीं।

सुबह से ही शो देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। कोई कैमरे में प्यारी-अदाओं वाले श्वानों की फोटो ले रहा था, तो कोई बच्चों के साथ तस्वीरें खिंचवाने में मशगूल था। रिंग के भीतर डॉग्स और उनके हैंडलर हर कदम पर सधी चाल और बेहतरीन प्रेजेंटेशन दिखाने में जुटे थे। वहीं बाहर तालियों और शोरगुल से माहौल लगातार रोमांचक बना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. रूपसी तिवारी, दिलीप टंडन और डॉ. अभिजीत पावड़े ने किया।

लैब्राडोर बना बेस्ट पपी, डाबरमैन ने जीता मुख्य खिताब

प्रतिस्पर्धा के बीच लैब्राडोर ने बेस्ट पपी का अवॉर्ड अपने नाम किया, जबकि रिवर्स बेस्ट पपी फॉक्स टेरियर को मिला।
बेस्ट ब्रीड इन इंडिया का खिताब पामेरियन को और बेस्ट इंडीजीनस ब्रीड का सम्मान कैरवन हाउंड को दिया गया।
मुख्य मुकाबले में डाबरमैन पहले, लैब्राडोर दूसरे, पामेरियन तीसरे, माल्टीज चौथे, पिकनिज पांचवें और यार्कशायर टेरियर छठे स्थान पर रहे। विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

रॉकी और ब्रूनो ने लूटी महफिल

शो में सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र रहे ग्रेट डेन रॉकी और साइबेरियन हस्की ब्रूनो। उनकी दमदार चाल और शानदार स्टाइल पर दर्शक तालियों से झूम उठे। बच्चों ने उन्हें छूने की जिद में खूब शरारत भी की।
शो में बीगल, गोल्डन रिट्रीवर, पूडल, पग, जर्मन शेफर्ड, रॉटवीलर, ग्रेट डेन, साइबेरियन हस्की, डोगो अर्जेंटिनो और प्रेसा केनारियो सहित 40 से अधिक नस्लों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

 

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई