बरेली में वायुसेना के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग,तकनीकी खराबी के चलते खेत में सुरक्षित उतराया

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

बरेली में वायुसेना के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग,तकनीकी खराबी के चलते खेत में सुरक्षित उतराया

फिरोज खान/यूपी हेड
रिपोर्ट/राजेश सिंह

बरेली। मीरगंज क्षेत्र के गांव गोरा लोकनाथपुर में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब भारतीय वायुसेना का एक ALH हेलीकॉप्टर उड़ान के दौरान अचानक तकनीकी खराबी का शिकार हो गया। पायलट ने अद्भुत सूझबूझ दिखाते हुए करीब 3:40 बजे किसान नन्हे शर्मा के खेत में हेलीकॉप्टर की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कर दी।

✦ पायलट की समझदारी से टली बड़ी दुर्घटना

उड़ान के दौरान आए तकनीकी दोष के बाद पायलट ने तुरंत निर्णय लेते हुए खेत को लैंडिंग के लिए सुरक्षित स्थान चुना। उनकी तत्परता और सही निर्णय के कारण हेलीकॉप्टर और उसमें सवार सभी जवान पूरी तरह सुरक्षित रहे। हेलीकॉप्टर को बिना किसी नुकसान के जमीन पर उतार लिया गया।

✦ वायुसेना का बचाव दल मौके पर पहुंचा

घटना की सूचना मिलते ही वायुसेना द्वारा दूसरा हेलीकॉप्टर भेजा गया। अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्राथमिक जांच की।

तकनीकी खराबी वाले हेलीकॉप्टर को शाम 6 बजे तक खेत में ही रखा गया, जबकि उसमें मौजूद जवानों और अधिकारियों को दूसरा हेलीकॉप्टर एयरबेस ले गया। तकनीकी टीम विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

रक्षा जनसंपर्क अधिकारी शांतनु प्रताप ने पुष्टि करते हुए बताया कि“भारतीय वायुसेना के ALH हेलीकॉप्टर ने नियमित प्रशिक्षण मिशन के दौरान तकनीकी खराबी के चलते एहतियाती और सुरक्षित लैंडिंग की। किसी तरह की चोट या जमीन पर कोई नुकसान नहीं हुआ है। बचाव दल मौके पर भेज दिया गया है।”

ग्रामीणों की भारी भीड़, पुलिस ने बनाया सुरक्षा घेरा

हेलीकॉप्टर के खेत में उतरने की खबर फैलते ही ग्राम गोरा लोकनाथपुर और आस-पास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सीओ मीरगंज अजय कुमार, प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर और एसडीएम आलोक कुमार सिंह मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने हेलीकॉप्टर के चारों ओर बैरिकेडिंग लगाकर सुरक्षा घेरा बनाया और किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी। अधिकारियों ने बताया कि लैंडिंग पूरी तरह सुरक्षित रही है और प्रशासन सतर्कता के साथ पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए है।

ग्रामीणों में चर्चा, पायलट की सराहना

इमरजेंसी लैंडिंग का यह नज़ारा ग्रामीणों के लिए किसी रोमांच से कम नहीं था। लोग पायलट की सूझबूझ और वायुसेना की त्वरित कार्रवाई की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

घटना पूरे दिन गांव में चर्चा का विषय बनी रही।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई