हाईवे पर गन्ने से भरी ट्रॉली पलटी, कई वाहन भिड़े; छह लोग घायल, स्कूटी सवार का पैर टूटा

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

हाईवे पर गन्ने से भरी ट्रॉली पलटी, कई वाहन भिड़े; छह लोग घायल, स्कूटी सवार का पैर टूटा

फिरोज खान/यूपी हेड
रिपोर्ट/राजेश सिंह

बरेली। फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र में मंगलवार तड़के नेशनल हाईवे के फ्लाईओवर पर बड़ा हादसा हो गया। टायर फटने के बाद गन्ना लदी ट्रॉली पलट गई, जिससे देखते ही देखते पीछे से आ रहे कई वाहन आपस में भिड़ गए।

हादसे में मासूम समेत छह लोग घायल हुए हैं, जबकि स्कूटी सवार का पैर टूट गया। सभी घायलों को पुलिस ने एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया।

टायर फटने से पलटी ट्रॉली, पीछे से कार-ट्रक भिड़े
जानकारी के अनुसार, मीरानपुर कटरा के गांव ईश्वरा निवासी दयाराम सुबह करीब चार बजे ट्रॉली में गन्ना भरकर चीनी मिल जा रहे थे। टिसुआ से पहले फ्लाईओवर पर अचानक ट्रॉली का टायर फट गया, जिससे ट्रॉली पलटकर सड़क पर फैल गई। इसी दौरान शाहजहांपुर की ओर से आ रही एक कार ट्रॉली से टकरा गई और अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई। कार सवारों को कोई गंभीर चोट नहीं आई।

कार को बचाने के प्रयास में पीछे आ रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगाए, जिसके कारण मुरादाबाद के कटघर निवासी रजत की कार ट्रक से जा टकराई। टक्कर में रजत, उनकी पत्नी राजश्री, सास शीतल, बाबूराम और एक बच्चा घायल हो गए।

फ्लाईओवर पर अंधेरा बना हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फ्लाईओवर पर हाईमास्ट लाइटें लगी होने के बावजूद एक भी लाइट नहीं जल रही थी, जिससे सड़क पर अंधेरा था और ट्रॉली दिखाई नहीं दी। कार चालक रजत ने बताया कि रोशनी न होने के कारण हादसा हुआ।

स्कूटी चालक फिसलकर घायल, पैर टूटा
हादसे के बाद सड़क पर गन्ना फैल गया था। इसी दौरान फतेहगंज पूर्वी से बरेली जा रहे सुभाषनगर निवासी देवेंद्र की स्कूटी फिसलकर गिर गई। उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनका पैर टूट गया। पुलिस ने उन्हें भी तुरंत अस्पताल भेजा।

आधे घंटे तक जाम, हाइड्रा से हटाए गए वाहन
हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने हाइड्रा मशीन बुलवाकर क्षतिग्रस्त वाहनों और सड़क पर फैले गन्ने को हटवाया। करीब आधे घंटे बाद यातायात सामान्य हो पाया।

थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि ट्रॉली पलटने से कई वाहन टकरा गए थे। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फ्लाईओवर पर लाइटें बंद होने की शिकायत की जांच कराई जा रही है।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई