बरेली में भव्य सामूहिक विवाह समारोह:

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

बरेली में भव्य सामूहिक विवाह समारोह:

फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट/राजेश सिंह

407 जोड़ों ने लिया वैवाहिक जीवन का संकल्प, सरकार की ओर से मिला एक लाख रुपये का लाभ

बरेली। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आज बरेली कॉलेज मैदान में भव्य विवाह समारोह का आयोजन किया गया। जिलेभर से पहुंचे 407 जोड़ों ने दाम्पत्य जीवन में प्रवेश किया। नगर निगम बरेली सहित भुता, फरीदपुर, भदपुरा, नवाबगंज, भोजीपुरा, बिथरी-चैनपुर, क्यारा और शेरगढ़ नगर निकायों के जोड़ों का विवाह वैदिक और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। समारोह में 326 हिंदू जोड़ों का विवाह और 81 मुस्लिम जोड़ों का निकाह संपन्न कराया गया। मंच पर मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।

कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार, सांसद छत्रपाल गंगवार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने कहा कि सामूहिक विवाह योजना न केवल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत देती है, बल्कि सर्वधर्म समभाव और सामाजिक सौहार्द का भी संदेश देती है।

मुख्य विकास अधिकारी देवयानी ने बताया कि योजना के तहत प्रति जोड़ा एक लाख रुपये की व्यवस्था की गई है। इसमें

60 हजार रुपये सीधे कन्या के बैंक खाते में भेजे जाते हैं,

25 हजार रुपये मूल्य का गृहस्थी सामग्री किट दिया जाता है,

जबकि 15 हजार रुपये भोजन व अन्य व्यवस्थाओं पर व्यय किए गए।

समारोह में नवविवाहित जोड़ों को साड़ी, पायल, डिनर सेट, प्रेशर कुकर, बिस्तर, घड़ी, ट्रॉली बैग सहित 24 प्रकार के गृह उपयोगी सामान उपलब्ध कराए गए।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री का उद्देश्य है कि आर्थिक तंगी के कारण किसी बेटी का विवाह अधूरा न रह जाए। यह योजना गरीब परिवारों को सहारा देने के साथ-साथ सामाजिक समरसता को भी मजबूत करती है। समारोह में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे और नवदंपतियों को शुभकामनाएं दीं।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई