बरेली में वाइन शॉप पर खूनी तांडव, नशे में धुत दबंगों ने तीन सेल्समैन को पीटा, CCTV में कैद वारदात

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

 

बरेली में वाइन शॉप पर खूनी तांडव, नशे में धुत दबंगों ने तीन सेल्समैन को पीटा, CCTV में कैद वारदात

रिपोर्ट/राजेश सिंह 

बरेली। शहर के सुभाषनगर इलाके में स्थित वाइन शॉप नंबर-1 बुधवार शाम अचानक रणभूमि में तब्दील हो गई। शराब के नशे में धुत चार दबंगों ने मामूली कहासुनी के बाद जमकर उत्पात मचाया और दुकान पर तैनात तीन सेल्समैनों पर बेरहमी से हमला कर दिया। हमलावरों ने दुकान में रखी शराब की बोतल को हथियार बनाते हुए एक सेल्समैन के सिर पर दे मारी, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के दौरान दुकान के भीतर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए, लेकिन तब तक दबंगों ने तीनों सेल्समैनों को बुरी तरह पीट दिया था।

पीड़ित सेल्समैन नितीश कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी जयवीर और राजेश के साथ दुकान पर ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान नशे में धुत दो युवक शराब लेने पहुंचे और किसी बात को लेकर विवाद करने लगे। देखते ही देखते उन्होंने अपने दो और साथियों को बुला लिया और चारों ने मिलकर हमला बोल दिया।

सूचना मिलते ही सुभाषनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से मिशन अस्पताल भिजवाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, एक सेल्समैन की हालत गंभीर बनी हुई है।

सबसे अहम बात यह है कि पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने भी जांच तेज कर दी है।

कोतवाली पुलिस ने मामले में चार अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई