जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार : ओखलकांडा में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन*

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

*जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार : ओखलकांडा में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन*

रिपोर्ट हरीश भाकुनी

नैनीताल (ओखलकांडा),

2 जनवरी 2026।

 

जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा विकासखण्ड ओखलकांडा के लोनिवि गेस्ट हाउस, पतलोट में एक बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ब्लॉक प्रमुख के.डी. रुवाली सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा आम जनता को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा अनेक समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शिविर में राजस्व, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, कृषि, उद्यान, महिला एवं बाल विकास सहित अन्य विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर राज्य दर्जा मंत्री श्रीमती शांति मेहरा ने कहा कि उत्तराखंड सरकार का लक्ष्य अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से पूरे प्रदेश में इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी नागरिक को अनावश्यक कठिनाई न उठानी पड़े।

ब्लॉक प्रमुख के.डी. रुवाली ने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जा रहा है।

जनसुनवाई के दौरान कौडार से पश्य लिंक ग्रामीण सड़क के निर्माण में खराब गुणवत्ता की शिकायत प्राप्त होने पर देर सायं ब्लॉक प्रमुख, उपजिलाधिकारी एवं राज्य दर्जा मंत्री द्वारा मौके पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण किया गया। उपजिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता को दूरभाष पर तत्काल समस्या के समाधान के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त ग्रामीणों द्वारा आदमखोर गुलदार को पकड़ने, जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल लाइन की खराब गुणवत्ता तथा पतलोट महाविद्यालय में भूगोल विषय खोले जाने की मांग भी रखी गई।

शिविर में विभागीय सेवाओं के अंतर्गत उद्यान विभाग द्वारा 30 लोगों को कीटनाशक दवा वितरित की गई, स्वास्थ्य विभाग द्वारा 80 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, राजस्व विभाग द्वारा 3 विरासत दर्ज की गईं, ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 8 जन्म प्रमाण पत्र एवं 1 मृत्यु प्रमाण पत्र बनाए गए, कृषि विभाग द्वारा 16 लोगों का पीएम किसान सम्मान निधि में पंजीकरण किया गया, जबकि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 10 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की गई।

इस अवसर पर राज्य दर्जा मंत्री श्रीमती शांति मेहरा, उपजिलाधिकारी अंशुल भट्ट, तहसीलदार मनीष विष्ट, ग्राम प्रधान आशा मटियाली, भुवन रुवाली, बद्री महतोलिया, बलदेव चौहान, मनोज सुयाल, रमेश मटियाली, खण्ड विकास अधिकारी देशराज, पूर्व प्रमुख कमलेश कैड़ा, आनसिंह मटियाली सहित क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई