सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री के आरोप निराधार, वार्ता सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई: एडीएम सिटी

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

 

सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री के आरोप निराधार, वार्ता सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई: एडीएम सिटी

रिपोर्ट/सत्य प्रकाश 

बरेली। पीसीएस अधिकारी एवं सिटी मजिस्ट्रेट पद से इस्तीफा देने वाले अलंकार अग्निहोत्री द्वारा जिला प्रशासन पर लगाए गए आरोपों को एडीएम सिटी सौरभ दुबे ने पूरी तरह निराधार, तथ्यहीन और भ्रामक बताया है। उन्होंने कहा कि सिटी मजिस्ट्रेट और प्रशासन के बीच जो भी बातचीत हुई, वह पूरी तरह शांतिपूर्ण, सरल और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई थी।

एडीएम सिटी सौरभ दुबे ने स्पष्ट किया कि बातचीत के दौरान किसी भी प्रकार की जबरदस्ती, दबाव या अनुचित व्यवहार नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि वह स्वयं मौके पर मौजूद थे और पूरी वार्ता उनकी उपस्थिति में हुई थी। बातचीत सामान्य प्रशासनिक विषयों को लेकर थी और किसी तरह का तनाव या असहज स्थिति नहीं थी।

डीएम आवास में बंधक बनाए जाने के आरोपों को खारिज करते हुए एडीएम सिटी ने कहा कि सिटी मजिस्ट्रेट स्वयं पैदल चलकर डीएम आवास पहुंचे थे और वहां किसी भी तरह की असामान्य स्थिति नहीं थी। बातचीत के दौरान सामान्य शिष्टाचार के तहत नाश्ता और पानी लिया जाना स्वाभाविक है, जिसे गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है।

फोन कॉल को लेकर लगाए गए आरोपों पर उन्होंने बताया कि उस समय जिला मजिस्ट्रेट के पिता की तबीयत खराब थी, जिसके कारण पारिवारिक कारणों से फोन कॉल आना सामान्य बात है। इसका वार्ता या किसी प्रशासनिक दबाव से कोई संबंध नहीं है।

एडीएम सिटी सौरभ दुबे ने दो टूक कहा कि जिला मजिस्ट्रेट के खिलाफ लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं। प्रशासन पारदर्शिता के साथ कार्य करता है और किसी भी अधिकारी पर दबाव बनाने या अन्याय करने जैसी कोई स्थिति नहीं होती।

प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि पूरे मामले से जुड़ी वास्तविक स्थिति तथ्यों के आधार पर सामने रखी जाएगी और सभी प्रक्रियाएं कानून के दायरे में रहकर ही पूरी की जाएंगी।

 

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई