बरेली में युवक पर जानलेवा हमला, गला रेतकर मरा समझ छोड़ गए हमलावर

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

बरेली में युवक पर जानलेवा हमला, गला रेतकर मरा समझ छोड़ गए हमलावर

रिपोर्ट /राजेश सिंह 

बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक युवक पर जानलेवा हमला कर सनसनी फैला दी गई। अज्ञात हमलावरों ने युवक का चाकू से गला रेत दिया और उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में घायल युवक को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे निजी अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उसका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार कालीबाड़ी निवासी 24 वर्षीय अभिषेक, पुत्र स्वर्गीय राकेश, गुरुवार रात शाहू गोपीनाथ क्षेत्र में गिरजाघर के पास मौजूद था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उससे मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर हमलावरों ने अभिषेक के गले पर चाकू से वार कर दिया। वारदात के बाद आरोपी युवक को मृत समझकर मौके से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल युवक को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

परिजनों ने बताया कि अभिषेक रामपुर गार्डन स्थित एक मेडिकल स्टोर पर नौकरी करता है। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है और उसकी एक बहन की शादी हो चुकी है। वह फिलहाल अकेले रहकर काम करता है।

थाना प्रभारी धनंजय पांडे ने बताया कि युवक पर चाकू से हमला किया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई