फ्यूचर विश्वविद्यालय में 54वीं राष्ट्रीय सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता का भव्य आगाज़

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

फ्यूचर विश्वविद्यालय में 54वीं राष्ट्रीय सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता का भव्य आगाज़

रिपोर्ट सत्य प्रकाश 

बरेली। नाथ नगरी बरेली में सोमवार को 54वीं राष्ट्रीय सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ फ्यूचर विश्वविद्यालय बरेली परिसर में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी अविनाश सिंह और कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन समारोह उत्साह, गरिमा और खेल भावना से ओतप्रोत रहा।

मुख्य अतिथियों ने प्रतीकात्मक रूप से हैंडबॉल को गोलपोस्ट में डालकर प्रतियोगिता की शुरुआत की और देश के विभिन्न राज्यों से आई टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को भी मजबूत बनाते हैं। वहीं विधायक संजीव अग्रवाल ने ऐसे आयोजनों को शहर के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए इसे स्थानीय खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक बताया।

इस अवसर पर जिला ओलंपिक संघ बरेली के अध्यक्ष डॉ. आशीष गुप्ता ने बताया कि बरेली में राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिताओं का यह तीसरा सफल आयोजन है। इसके साथ ही शहर ने राष्ट्रीय खेल आयोजनों की ‘हैट्रिक’ पूरी कर ली है।

30 मार्च से 3 अप्रैल तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर से करीब 27 टीमें हिस्सा ले रही हैं। खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए आवास, भोजन, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं उच्च स्तर पर सुनिश्चित की गई हैं।

यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करेगा, बल्कि महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश भी देगा और बरेली को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई