मनौना धाम से अगवा डेढ़ साल का मासूम मुठभेड़ के बाद सकुशल बरामद, पुलिस की गोली से दोनों किडनैपर घायल

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

मनौना धाम से अगवा डेढ़ साल का मासूम मुठभेड़ के बाद सकुशल बरामद, पुलिस की गोली से दोनों किडनैपर घायल

बरेली के आंवला क्षेत्र स्थित मनौना श्याम मंदिर से रविवार को अगवा किए गए डेढ़ साल के मासूम ऋषभ को पुलिस ने मंगलवार देर रात मुठभेड़ के बाद सकुशल बरामद कर लिया। हुलासी फाटक के पास हुई कार्रवाई में पुलिस की जवाबी फायरिंग से दोनों आरोपी घायल हो गए, जबकि एक हेड कांस्टेबल भी बदमाशों की गोली से जख्मी हुआ है। पुलिस ने दावा किया है कि यह अंतरजनपदीय बच्चा चोर गिरोह का मामला हो सकता है, जिसकी कड़ियां अब अन्य जिलों तक खंगाली जा रही हैं।

पांच टीमों की घेराबंदी के बाद पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी

घटना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया था। एसपी साउथ अंशिका वर्मा के निर्देशन में पांच पुलिस टीमें गठित की गई थीं। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। मंगलवार रात सूचना मिली कि दो युवक बाइक से बच्चे को लेकर अलीगंज रोड की तरफ जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही आंवला सीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हुलासी फाटक के पास घेराबंदी की। पुलिस के रुकने का इशारा करने पर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली हेड कांस्टेबल उमेश की बांह को छूती हुई निकल गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों आरोपियों के पैरों में गोली मारकर उन्हें दबोच लिया।

बाइक गिरने से सड़क पर गिरा मासूम, तुरंत अस्पताल पहुंचाया

मुठभेड़ के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे मासूम ऋषभ भी सड़क पर गिर पड़ा। पुलिसकर्मियों ने तत्काल बच्चे को अपनी सुरक्षा में लेकर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे के सिर में हल्की चोट आई है और एहतियात के तौर पर उसका इलाज कराया जा रहा है। फिलहाल बच्चा सुरक्षित बताया जा रहा है।

नर्सिंग छात्र समेत दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेश और पवन सिंह के रूप में हुई है। योगेश शाहजहांपुर जिले के गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र का रहने वाला है और एमएससी नर्सिंग का छात्र बताया जा रहा है। दूसरा आरोपी पवन सिंह मूल रूप से बदायूं के ककराला इलाके का निवासी है और वर्तमान में शाहजहांपुर के जलालाबाद क्षेत्र में रह रहा था।

पूछताछ में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी बच्चे को बेचने की फिराक में थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इनके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है या नहीं। अधिकारियों के अनुसार कई जिलों में सक्रिय बच्चा चोरी नेटवर्क की आशंका को देखते हुए जांच का दायरा बढ़ाया गया है।

पुलिस बोली- पूरे नेटवर्क को बेनकाब किया जाएगा

एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि मामले में कई अहम सुराग मिले हैं और पुलिस अब गिरोह की पूरी चेन तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। दोनों आरोपियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी हो सकती है।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई