बरेली में हवाला नेटवर्क का भंडाफोड़: 35 लाख नकद, फर्जी दस्तावेज और दुबई कनेक्शन का खुलासा

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

बरेली में हवाला नेटवर्क का भंडाफोड़: 35 लाख नकद, फर्जी दस्तावेज और दुबई कनेक्शन का खुलासा

रिपोर्ट राजेश सिंह 

बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने हवाला कारोबार के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 35 लाख रुपये नकद, चार मोबाइल फोन और दो फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में इस पूरे मामले के तार दुबई से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस अब हवाला के जरिए होने वाले लेन-देन और धन के स्रोतों की गहन जांच कर रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बारादरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि माधोबाड़ी क्षेत्र में हवाला कारोबार से जुड़े लोग बड़ी रकम के साथ मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर हजियापुर चुंगी निवासी जमीर अहमद और राजस्थान के बीकानेर निवासी जगदीश चोटिया को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में जमीर अहमद ने बताया कि उसका संपर्क दुबई में रहने वाले अली जीशान से था। अली जीशान के निर्देश पर मोईन अली के नाम से एक फर्जी कंपनी बनाई गई थी। यह कंपनी पीलीभीत बाईपास रोड स्थित आशुतोष सिटी में संचालित दिखाई जाती थी, जबकि वास्तव में वहां कोई व्यापारिक गतिविधि नहीं होती थी। आरोप है कि दुबई से व्हाट्सएप के माध्यम से टोकन नंबर भेजे जाते थे और विभिन्न खातों में बड़ी रकम जमा कराई जाती थी। इसके बाद यह धन हवाला नेटवर्क के जरिए दिल्ली स्थित लोगों तक पहुंचाया जाता था।

वहीं दूसरे आरोपी जगदीश चोटिया ने स्वीकार किया कि वह पिछले चार वर्षों से बरेली में हवाला कारोबार से जुड़ा हुआ था। उसने बताया कि टैक्स बचाने और बेनामी धन को इधर-उधर पहुंचाने के लिए वह कमीशन के आधार पर काम करता था। लेन-देन के दौरान धन भेजने और प्राप्त करने वाले लोगों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती थी।

मामले में पुलिस ने मोईन अली, लालचंद और धम्माराम को भी नामजद किया है। तीनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है। थाना बारादरी में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह केवल शुरुआती कार्रवाई है। जांच के दौरान दुबई कनेक्शन, फर्जी कंपनी के माध्यम से किए गए लेन-देन और हवाला नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में एसपी सिटी, सीओ नगर तृतीय तथा बारादरी थाना पुलिस की टीम की अहम भूमिका रही।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई