बहेड़ी में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, लूटकांड का खुलासा; दो आरोपी गिरफ्तार, लूटी बाइक-मोबाइल बरामद

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

बहेड़ी में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, लूटकांड का खुलासा; दो आरोपी गिरफ्तार, लूटी बाइक-मोबाइल बरामद

रिपोर्ट राजेश सिंह 

बरेली। बहेड़ी थाना पुलिस ने बाइक और मोबाइल लूट की वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर लुटेरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके साथी को भी दबोच लिया गया। दोनों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक 4 जून को उलेतापुर निवासी चौरपाल ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि वह अपनी ससुराल से बाइक पर घर लौट रहा था। रास्ते में मिन्तरपुर के पास दो बाइक सवार युवकों ने उसे रोक लिया और उसका मोबाइल फोन तथा मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।

शनिवार देर रात देवीपुरा बाजार के निकट वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। रुकने का इशारा करने पर दोनों तेज गति से भागने लगे। पीछा करने के दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने खुद को बचाने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई में करन मौर्य के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी ओमकार मौके पर ही पकड़ लिया गया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने 4 जून को हुई लूट की वारदात कबूल कर ली। उन्होंने बताया कि पहचान छिपाने के लिए लूटी गई बाइक की नंबर प्लेट हटा दी गई थी। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, ओप्पो मोबाइल फोन, दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।

गिरफ्तार दोनों आरोपी ग्राम पतरासी, थाना बहेड़ी के निवासी हैं। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है। साथ ही लूट, अवैध हथियार और पुलिस पर फायरिंग सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनके आपराधिक इतिहास की जांच शुरू कर दी है।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई