बरेली से जेवर के लिए पहली उड़ान शुरू, पहले दिन 49 यात्रियों ने भरी उड़ान; कल से दिल्ली के लिए भी मिलेगी सीधी फ्लाइट

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

बरेली से जेवर के लिए पहली उड़ान शुरू, पहले दिन 49 यात्रियों ने भरी उड़ान; कल से दिल्ली के लिए भी मिलेगी सीधी फ्लाइट

बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, सांसद ने इसे क्षेत्र के विकास की नई उड़ान बताया

रिपोर्ट राजेश सिंह 

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली और आसपास के जिलों के लोगों के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। लंबे इंतजार के बाद बरेली एयरपोर्ट से सीधे नोएडा स्थित जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए नियमित हवाई सेवा का शुभारंभ हो गया। पहली ही उड़ान में यात्रियों का उत्साह देखने को मिला और लोगों ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

इंडिगो की 78 सीटों वाली पहली फ्लाइट से 49 यात्रियों ने जेवर के लिए यात्रा की। वहीं, जेवर से बरेली पहुंचे यात्रियों ने भी नई सेवा की सराहना करते हुए कहा कि इससे दिल्ली-एनसीआर तक की यात्रा पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान और समय की बचत वाली होगी। खासकर व्यापार, नौकरी, शिक्षा और इलाज के सिलसिले में आने-जाने वाले लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

एयरपोर्ट पर हुआ यात्रियों का स्वागत

पहली उड़ान के अवसर पर बरेली एयरपोर्ट पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। बरेली के सांसद छत्रपाल गंगवार ने यात्रियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक नई उड़ान नहीं, बल्कि पूरे तराई क्षेत्र और आसपास के जनपदों के आर्थिक एवं सामाजिक विकास की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि बेहतर हवाई संपर्क से निवेश बढ़ेगा और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

गुरुवार से दिल्ली के लिए भी सीधी उड़ान

सांसद ने जानकारी दी कि जेवर के बाद अब गुरुवार से बरेली से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, दिल्ली के लिए भी सीधी हवाई सेवा शुरू होने जा रही है। इससे यात्रियों को देश और विदेश के विभिन्न शहरों के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट्स लेने में आसानी होगी। उन्होंने कहा कि इस सुविधा का सबसे अधिक लाभ व्यापारियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और इलाज के लिए बड़े शहरों में जाने वाले मरीजों को मिलेगा।

केंद्रीय मंत्री का जताया आभार

सांसद छत्रपाल गंगवार ने इस उपलब्धि के लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से इस सेवा को शुरू कराने के प्रयास किए जा रहे थे, जो अब सफल हुए हैं।

व्यापार और पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार

बरेली एयरपोर्ट पहले से बेंगलुरु और नवी मुंबई जैसी महत्वपूर्ण जगहों से जुड़ा हुआ है। अब जेवर और दिल्ली के साथ सीधा हवाई संपर्क स्थापित होने से व्यापार, उद्योग, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई संभावनाएं खुलेंगी। स्थानीय व्यापारियों का मानना है कि इससे निवेश बढ़ेगा और बाहरी लोगों के लिए बरेली तक पहुंच पहले से अधिक आसान हो जाएगी।

आगे और शहरों से जोड़ने की तैयारी

सांसद ने बताया कि भविष्य में बरेली को चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता, गोवा, जम्मू और अहमदाबाद जैसे प्रमुख शहरों से भी हवाई सेवा के जरिए जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने एयरपोर्ट निदेशक अवधेश अग्रवाल और उनकी टीम को यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

नई उड़ान सेवा के शुरू होने से बरेली की हवाई कनेक्टिविटी को बड़ी मजबूती मिली है। इससे न केवल यात्रियों की आवाजाही आसान होगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास और निवेश की संभावनाओं को भी नया आयाम मिलने की उम्मीद है।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई