बरेली में दर्दनाक हादसा: जर्जर दीवार गिरने से चचेरे भाई-बहन की मौत, गांव में पसरा मातम

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

बरेली में दर्दनाक हादसा: जर्जर दीवार गिरने से चचेरे भाई-बहन की मौत, गांव में पसरा मातम

परचून की दुकान से नाश्ता लेकर लौट रहे थे दोनों मासूम, प्रशासन ने चार-चार लाख रुपये की सहायता का दिया आश्वासन

रिपोर्ट राजेश सिंह 

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की आंवला तहसील में गुरुवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की जान चली गई। अलीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कैनी इंचारौ झूनानगर में परचून की दुकान से नाश्ते का सामान लेकर घर लौट रहे चचेरे भाई-बहन पर अचानक एक जर्जर पक्की दीवार भरभराकर गिर गई। मलबे में दबने से दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे अंशु और कृष्का दुकान से सामान लेकर वापस घर आ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में खड़ी पुरानी और जर्जर दीवार अचानक ढह गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि दोनों बच्चों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और अलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद तहसीलदार वृजेश कुमार वर्मा समेत राजस्व विभाग की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि प्रशासन ने राजस्व संबंधी आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रशासन ने मृतक बच्चों के परिजनों को शासन की ओर से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में सभी वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि दोनों बच्चों के पिता पंजाब में मजदूरी करते हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद वे तुरंत गांव के लिए रवाना हो गए। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण भी इस हादसे से गहरे सदमे में हैं। दो मासूम बच्चों की असमय मौत ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई