नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, कल सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद। सहसंपादक हरीश भाकुनी हल्द्वानी, 19 जुलाई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद नैनीताल में 20 जुलाई 2026 (सोमवार) के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट ललित मोहन रयाल ने जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जिले के पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में लगातार वर्षा हो रही है। इसके चलते नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने तथा संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ समस्त आंगनबाड़ी केंद्र सोमवार, 20 जुलाई 2026 को बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी, नैनीताल तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। आदेश की अवहेलना या किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





