नशा मुक्त समाज के लिए पुलिस के साथ समाज भी निभाए जिम्मेदारी: निरीक्षक मधुर श्याम
कहा—केवल पुलिसिया कार्रवाई से नहीं मिटेगा नशे का कारोबार, सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर सामूहिक प्रयास जरूरी
बड़ौत, बागपत। नशे के बढ़ते प्रचलन और उससे युवा पीढ़ी पर पड़ रहे गंभीर प्रभाव को लेकर थाना बड़ौत के निरीक्षक मधुर श्याम ने समाज के लोगों से जागरूक होकर नशे के खिलाफ सामूहिक लड़ाई लड़ने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को बर्बाद नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है।
निरीक्षक मधुर श्याम ने कहा कि पुलिस विभाग नशे की तस्करी, बिक्री और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई करता है। तस्करों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई भी की जाती है, लेकिन केवल पुलिसिया कार्रवाई या कानून के डर से नशे की समस्या को जड़ से समाप्त नहीं किया जा सकता। इसके लिए समाज और राजनीतिक स्तर पर भी पूरी गंभीरता से प्रयास करने होंगे।
उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि आज नशे का खतरा केवल एक पीढ़ी तक सीमित नहीं है, बल्कि युवा और मासूम बच्चे भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। युवा देश का भविष्य हैं और यदि यही पीढ़ी नशे के दलदल में फंस गई तो समाज का भविष्य गंभीर संकट में पड़ सकता है।
बुद्धिजीवी वर्ग से आगे आने की अपील
निरीक्षक मधुर श्याम ने समाज के बुद्धिजीवी, जागरूक और जिम्मेदार लोगों से एकजुट होकर नशे के खिलाफ अभियान चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त में आए लोगों को केवल दुत्कारने के बजाय उन्हें सही राह दिखाने और पुनर्वास के लिए सहयोग करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि परिवार, शिक्षक, सामाजिक संगठन, जनप्रतिनिधि और पुलिस—सभी को मिलकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना होगा। समय रहते यदि समाज ने अपनी जिम्मेदारी नहीं पहचानी तो आने वाली पीढ़ियों पर इसका गंभीर असर पड़ेगा।
“नशा मुक्त भारत” के लिए सामूहिक संकल्प जरूरी
निरीक्षक मधुर श्याम ने कहा कि वह अपने स्तर पर नशे जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ हरसंभव प्रयास कर रहे हैं, लेकिन समाज के सहयोग के बिना यह लड़ाई अधूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाएं, नशे के कारोबार की जानकारी पुलिस तक पहुंचाएं और नशे की गिरफ्त में आए लोगों को बाहर निकालने में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि “मेरा देश और मेरा समाज सर्वोपरि है।” इसलिए आइए, सभी मिलकर संकल्प लें कि अपने आसपास के माहौल को जागरूक बनाएंगे और नशा मुक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान देंगे।
— निरीक्षक मधुर श्याम
थाना बड़ौत, जनपद बागपत




