SSP नैनीताल की सख्ती: सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालना पड़ा भारी, लालकुआं पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार
SSP नैनीताल का सख्त संदेश—सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी कार्रवाई, आपत्तिजनक फेसबुक पोस्ट के मामले में युवक गिरफ्तार
लालकुआं। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और समाज में वैमनस्य पैदा करने वाली पोस्ट करना एक युवक को भारी पड़ गया। थाना लालकुआं पुलिस ने फेसबुक पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने के मामले में दीपक भारती निवासी गोला गेट, लालकुआं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने के उद्देश्य से आपत्तिजनक पोस्ट करने और न्यूसेन्स उत्पन्न करने के मामले में कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले दीपक भारती ने अपनी फेसबुक आईडी से हिन्दू समाज के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट की थी। पोस्ट हटाने के लिए हल्दूचौड़ निवासी एक व्यक्ति द्वारा उससे कहे जाने के बाद आरोपी ने उसके खिलाफ भी सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट कर दी। हालांकि बाद में उस पोस्ट को हटा दिया गया।
मामले को लेकर विभिन्न हिन्दू संगठनों की ओर से थाना लालकुआं में शिकायत एवं ज्ञापन दिया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के बाद पुलिस ने की गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी लालकुआं और प्रभारी निरीक्षक लालकुआं के निर्देशन में पुलिस टीम ने मामले की जांच करते हुए 27 अगस्त 2026 को दीपक भारती को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई करने वाली टीम में चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ अर्जुन गिरी और कांस्टेबल कुबेर राणा शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध धारा 172(2) भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सोशल मीडिया पोस्ट पर पुलिस की पैनी नजर
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से समाज में भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा वैमनस्य और अशांति फैलाने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया के जरिए कानून-व्यवस्था प्रभावित करने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
SSP नैनीताल का साफ संदेश है कि सामाजिक सौहार्द से खिलवाड़ करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।




