कुमाऊं मंडल बालक हॉकी प्रतियोगिता का समापन, चंपावत ने हल्द्वानी को 2-0 से हराकर जीती ट्रॉफी
हल्द्वानी। उत्तराखंड के तत्वावधान एवं जिला प्रशासन नैनीताल के मार्गदर्शन में जिला खेल कार्यालय, हल्द्वानी द्वारा आयोजित दो दिवसीय कुमाऊं मंडल बालक हॉकी प्रतियोगिता का रविवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय खेल स्टेडियम, हल्द्वानी के टर्फ हॉकी ग्राउंड में समापन हुआ।
प्रतियोगिता में कुमाऊं मंडल की आठ टीमों ने प्रतिभाग किया। रविवार को दोपहर 2 बजे चंपावत और हल्द्वानी के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया। रोमांचक मुकाबले में चंपावत की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हल्द्वानी को 2-0 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि उत्तराखंड राज्य खेल विश्वविद्यालय की उपकुलपति श्रीमती रसिका सिद्दीकी ने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं आकर्षक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. निर्मला पंत, विशेष कार्यकारी अधिकारी उत्तराखंड राज्य खेल विश्वविद्यालय वरुण बेलवाल, योगेश जोशी (कोषाध्यक्ष, उत्तराखंड हॉकी एसोसिएशन), त्रिलोक जीना एवं गोविंद परिहार सहित खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में गोविंद लटवाल एवं निलेश गुप्ता रहे। वहीं टेक्निकल कमेटी में मोहम्मद रुशान, अंकित, रितिक रावत एवं दिव्यांश गंगवार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जिला खेल कार्यालय की ओर से प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं आयोजन से जुड़े सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।




