नैनीताल में लम्पी वायरस की दस्तक! 3 पशु संक्रमित, 163 टीमें मैदान में—1.22 लाख से ज्यादा पशुओं का टीकाकरण

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

नैनीताल में लम्पी वायरस की दस्तक! 3 पशु संक्रमित, 163 टीमें मैदान में—1.22 लाख से ज्यादा पशुओं का टीकाकरण

 

42 नमूने जांच के लिए भेजे, 12 की रिपोर्ट आई; राजपुरा गौशाला और गोविन्दपुर गढ़वाल में मिले संक्रमित पशु, पशु परिवहन पर प्रतिबंध

 

नैनीताल/भीमताल, 3 सितंबर 2026। जिले में गौवंशीय पशुओं में लम्पी स्किन डिजीज (LSD) वायरस की दस्तक के बाद पशुपालन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। अब तक जिले में 1,22,301 पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। बीमारी की जांच के लिए भेजे गए 42 नमूनों में से 12 की रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जिनमें 3 नमूने पॉजिटिव पाए गए हैं।

 

संक्रमित पशुओं में दो राजपुरा गौशाला और एक गोविन्दपुर गढ़वाल में मिला है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए विभाग ने व्यापक स्तर पर अभियान शुरू कर दिया है।

 

163 टीमें गांव-गांव पहुंचीं

 

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव सिंह के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में लम्पी वायरस संक्रमण की शिकायतें सामने आने के बाद पशुपालन विभाग ने 163 टीमें फील्ड में उतारी हैं। टीमें गांव-गांव जाकर पशुओं का टीकाकरण करने के साथ आवश्यक दवाएं वितरित कर रही हैं। पशुपालकों को बीमारी के लक्षण, बचाव और सावधानियों के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है।

 

पशुओं के परिवहन पर प्रतिबंध

 

संक्रमण को दूसरे क्षेत्रों में फैलने से रोकने के लिए बाहरी राज्यों और अन्य स्थानों से महिषवंशी एवं गौवंशीय पशुओं के परिवहन पर प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन के अनुसार पशुओं के आवागमन से संक्रमण फैलने की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।

 

इन लक्षणों को नजरअंदाज न करें

 

पशुपालकों से अपील की गई है कि पशु के शरीर पर गांठें, बुखार, आंखों या नाक से पानी आना जैसे लक्षण दिखाई देने पर उसे तुरंत स्वस्थ पशुओं से अलग कर दें। संक्रमित पशु को दूसरे पशुओं के संपर्क में आने से रोकना बेहद जरूरी है।

 

पशु बाड़े में साफ-सफाई रखने और मच्छर-मक्खियों के नियंत्रण के लिए कीटनाशक का छिड़काव करने की सलाह दी गई है। किसी भी संदिग्ध लक्षण की स्थिति में नजदीकी पशु चिकित्सालय या विभागीय टीम से तत्काल संपर्क करने को कहा गया है।

 

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंह ने पशुपालकों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण, संक्रमित पशु को अलग रखना और साफ-सफाई जैसी सावधानियों से लम्पी वायरस के प्रसार पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई