ज्योलिकोट में जलजनित रोगों को लेकर सांसद अजय भट्ट सख्त, अधिकारियों को दिए तत्काल रोकथाम के निर्देश
नैनीताल/ज्योलिकोट। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद अजय भट्ट ने शुक्रवार को ज्योलिकोट क्षेत्र का दौरा कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। क्षेत्र में फैल रहे डायरिया सहित जलजनित रोगों को लेकर उन्होंने अधिकारियों को तत्काल प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
सांसद अजय भट्ट सर्वप्रथम वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश जोशी के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने उनके पुत्र के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संवेदना व्यक्त की। इसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों से क्षेत्र में फैल रहे जलजनित रोगों और डायरिया की स्थिति की जानकारी ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद भट्ट ने मौके से ही दूरभाष पर जिलाधिकारी नैनीताल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जल संस्थान के अधिकारियों से वार्ता की। उन्होंने अधिकारियों को रोगों की रोकथाम के लिए हर संभव उपाय तत्काल किए जाने और क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं पेयजल व्यवस्था की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।
सांसद ने पेयजल लाइनों को दुरुस्त कराने के लिए सांसद निधि से ढाई लाख रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और जलजनित रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आवश्यक कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।





