नैनीताल जिले को बड़ी सौगात: NHAI से दो महत्वपूर्ण बाईपास परियोजनाओं को मिली सैद्धांतिक मंजूरी, जाम से मिलेगी राहत
हल्द्वानी/नैनीताल,
नैनीताल जनपद में बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या से राहत दिलाने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। जिले में दो महत्वपूर्ण बाईपास परियोजनाओं को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से सैद्धांतिक स्वीकृति मिल गई है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद हल्द्वानी शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होने के साथ ही स्थानीय लोगों और पर्यटकों को जाम से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि पहली परियोजना के तहत करीब 7 किलोमीटर लंबे लालकुआं बाईपास को स्वीकृति मिली है। यह बाईपास बरेली रोड स्थित नगला से शुरू होकर वन विकास निगम के डिपो तक बनाया जाएगा। स्वीकृति के बाद अब परियोजना की DPR (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार की जाएगी। DPR तैयार होने के बाद आगे की कार्रवाई तेजी से शुरू की जाएगी।
वहीं दूसरी महत्वपूर्ण परियोजना के तहत गोला पुल से आगे करीब 8.4 किलोमीटर लंबे मार्ग को फोरलेन किए जाने के प्रस्ताव को In-Principle (सैद्धांतिक) स्वीकृति प्रदान की गई है। वर्तमान में यह मार्ग टू-लेन है। परियोजना के लिए संबंधित कार्यदायी एजेंसी को भी जल्द से जल्द DPR तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि दोनों परियोजनाओं के धरातल पर आने से हल्द्वानी शहर में यातायात का दबाव कम होगा और जाम की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी। इसके साथ ही पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही अधिक सुगम एवं सुरक्षित होगी तथा कुमाऊं मंडल की कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी।
दोनों परियोजनाओं को NHAI की स्वीकृति मिलना नैनीताल जिले के साथ-साथ हल्द्वानी और पूरे कुमाऊं क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचागत सौगात मानी जा रही है।





