प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का जन्मदिन: आंगनबाड़ी केंद्र पॉलिसीट-4 में बच्चों के बीच काटा गया केक, फल एवं सामग्री वितरित
“25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत” कार्यक्रम के तहत बच्चों को फल, केक एवं अन्य सामग्री वितरित; पोषण, स्वास्थ्य और सुविधाओं का लिया जायजा
हल्द्वानी। सेवा समर्पण अभियान के अंतर्गत “25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत” कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी केंद्र पॉलिसीट-4, बाल विकास परियोजना हल्द्वानी शहर में बच्चों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस हर्षोल्लास एवं आत्मीयता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य एवं जिला संयोजक योगेश सिंह रजवार ने की। इस दौरान बच्चों के बीच केक काटा गया तथा उन्हें फल, केक एवं अन्य सामग्री वितरित की गई।
आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
कार्यक्रम के दौरान आयोग सदस्य योगेश सिंह रजवार ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों के लिए संचालित पोषण व्यवस्थाओं, किचन, खेल-कूद एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही बच्चों के हित में व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
श्री रजवार ने केंद्र में बच्चों को केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से उपलब्ध कराए जा रहे पोषण आहार की व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों के टीकाकरण एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी।
बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करना जिम्मेदारी : योगेश रजवार
आयोग सदस्य योगेश सिंह रजवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं समर्पण के राष्ट्रीय संकल्प से प्रेरणा लेते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास, शिक्षा, पोषण, सुरक्षा एवं अधिकारों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि बच्चों के सपनों को सुरक्षित, सशक्त एवं अवसरों से परिपूर्ण बनाने के लिए समाज में जागरूकता और संवेदनशीलता को मजबूत करना आवश्यक है।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा समर्पण अभियान
योगेश सिंह रजवार ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा समर्पण अभियान के अंतर्गत “25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत” कार्यक्रम के जिला संयोजक के रूप में वे पूरे जिले में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की देखरेख कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से प्रारंभ हुए इस अभियान के तहत एक माह तक जिले के विभिन्न स्थानों पर बच्चों से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों की शिक्षा, पोषण, सुरक्षा, अधिकारों एवं उज्ज्वल भविष्य के प्रति समाज में जागरूकता और संवेदनशीलता को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प से प्रेरणा लेते हुए यह अभियान बच्चों के सपनों को साकार करने की दिशा में जनभागीदारी का संदेश दे रहा है।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी श्रीमती किरण लता जोशी, सुपरवाइजर श्रीमती पुष्पा विश्वकर्मा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती कल्पना तिवारी, श्रीमती नंदी चौधरी, श्रीमती हेमा लोहनी, श्रीमती पुष्पा आर्या, श्रीमती नीमा थानी एवं श्रीमती गीता पोखरिया सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम उपस्थित रही।
भास्कर न्यूज24 | हल्द्वानी
#सेवा_समर्पण_अभियान #25करोड़बच्चोंकेसपनोंकाभारत #प्रधानमंत्री_नरेंद्र_मोदी #योगेश_सिंह_रजवार #आंगनबाड़ी #बाल_अधिकार #हल्द्वानी #भास्कर_न्यूज24




