महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने ली “आंगन का मिलन” अभियान की तैयारियों की समीक्षा, 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगा व्यापक अभियान
हल्द्वानी। प्रदेश की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने शनिवार को हल्द्वानी स्थित सर्किट हाउस में “सेवा संकल्प” अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले “आंगन का मिलन” कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जनपद स्तरीय अधिकारियों एवं पार्टी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मंत्री ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि “आंगन का मिलन” अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाए और इसके प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन ब्लॉकों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, वहां की गतिविधियों की फोटो एवं वीडियोग्राफी कराकर विभागीय वेबसाइट पर भी अपलोड की जाए। साथ ही विभागीय स्तर पर सराहनीय कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी विशेष जोर दिया।
उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक “आंगन का मिलन” कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नैनीताल जनपद के 1916 आंगनबाड़ी केंद्रों में 13 दिनों तक विभिन्न ब्लॉकों में कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसके माध्यम से बच्चों, माताओं एवं अभिभावकों को पोषण, स्वास्थ्य और संतुलित आहार के प्रति जागरूक किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों की शिक्षा एवं पोषण का केंद्र न रहें, बल्कि माताओं, बच्चों और परिवारों के लिए जागरूकता एवं संवाद का मजबूत मंच बनें। बच्चों के स्वस्थ भविष्य की नींव मजबूत करना और प्रत्येक परिवार तक पोषण एवं स्वास्थ्य का संदेश पहुंचाना “सेवा संकल्प” अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि 13 दिनों तक चलने वाला यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास के साथ-साथ अभिभावकों को जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रमों में जनसहभागिता बढ़ाने के साथ ही विभागीय योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बैठक में भाजपा महामंत्री रंजन सिंह बर्गली, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कंचन उप्रेती, अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष रविन्द्र बाली, महिला मोर्चा महामंत्री आभा गोस्वामी, राशि जैन, जिला पंचायत सदस्य यशपाल आर्य, मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द पाण्डेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा सहित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।




